RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ सरकार 4 और 5 जुलाई 2026 को नवा रायपुर स्थित आईआईएम रायपुर में दो दिवसीय आवासीय ‘चिंतन शिविर 3.0’ आयोजित करने जा रही है। इस शिविर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित मंत्रिमंडल के सभी सदस्य भाग लेंगे। शिविर का उद्देश्य बदलते समय की जरूरतों के अनुरूप शासन व्यवस्था को अधिक प्रभावी, पारदर्शी, आधुनिक और जन-केंद्रित बनाना है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बताया कि दो दिवसीय मंथन के दौरान सरकार की कार्यप्रणाली को अधिक दक्ष बनाने, प्रशासनिक सुधारों को गति देने और भविष्य की विकास रणनीति तय करने पर विस्तार से चर्चा होगी। मंत्रियों के बीच सुशासन के विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया जाएगा, ताकि शासन व्यवस्था को नई चुनौतियों के अनुरूप तैयार किया जा सके।

चिंतन शिविर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित शासन प्रणाली और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर विकसित करने पर विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे। सरकार इस बात पर मंथन करेगी कि राज्य में AI मिशन को अत्याधुनिक तकनीक के साथ कैसे लागू किया जाए, जिससे रोजगार सृजन के नए रास्ते खुल सकें और प्रशासनिक सेवाएं अधिक प्रभावी बनें।

शिविर में देश के प्रतिष्ठित विषय विशेषज्ञ नीति निर्माण, गुड गवर्नेंस, विकास प्रशासन और आधुनिक प्रशासनिक प्रबंधन जैसे विषयों पर मंत्रियों का मार्गदर्शन करेंगे। विशेषज्ञ शासन व्यवस्था में नवाचार, पारदर्शिता और परिणाम आधारित कार्यसंस्कृति विकसित करने के विभिन्न पहलुओं पर प्रशिक्षण देंगे।

तीसरे वर्ष भी जारी रहेगा मंथन का सिलसिला
लगातार तीसरे वर्ष आयोजित हो रहे ‘चिंतन शिविर’ में सरकार अपने पिछले कार्यों की समीक्षा भी करेगी। साथ ही आगामी महीनों की प्राथमिकताओं, योजनाओं और प्रशासनिक रणनीति को अंतिम रूप दिया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि यह शिविर प्रदेश में सुशासन को और अधिक मजबूत, जवाबदेह तथा जनहितैषी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।






































