SURAJPUR NEWS. छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से भीड़ की बर्बरता का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां पंप चोरी के शक में ग्रामीणों ने दो संदिग्धों के साथ कथित तौर पर जमकर मारपीट की। इतना ही नहीं, उन्हें जूतों की माला पहनाकर पूरे गांव में घुमाया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामला रामानुजनगर थाना क्षेत्र के आमगांव पंचायत का बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, बीते 9 तारीख को आमगांव निवासी बिगन का सुतिया नाला में लगा पंप चोरी हो गया था। बताया जा रहा है कि गांव के ही नेमसाय ने कथित तौर पर पंप चोरी की घटना देखी थी और ग्रामीणों को संदिग्धों के बारे में जानकारी दी थी। आरोप है कि चोरी किए गए पंप को महज एक हजार रुपये में बेच दिया गया था। इस जानकारी के सामने आने के बाद ग्रामीणों का गुस्सा भड़क गया। उन्होंने दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।
जूतों की माला पहनाकर गांव में घुमाया
आरोप है कि ग्रामीणों ने दोनों संदिग्धों को अपमानित करने के लिए जूतों की माला पहनाई और पूरे गांव में घुमाया। इस दौरान घटना का वीडियो भी बनाया गया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि, पंप चोरी के आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस कार्रवाई पर टिकी नजरें
वायरल वीडियो पुलिस तक पहुंचने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि फिलहाल पुलिस शिकायत मिलने का इंतजार कर रही है और शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की बात कही गई है।




































