PATNA NEWS. राजधानी पटना में चर्चित खान सर कोचिंग सेंटर में 2 जून की रात हुई हिंसक घटना और कथित फायरिंग मामले में गुरुवार को बड़ा मोड़ आ गया। एक नया वीडियो सामने आने के बाद कदमकुआं थाना पुलिस ने वीडियो में फायरिंग करते दिखाई दे रहे दो सुरक्षा गार्डों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों के हथियार जब्त कर जांच के लिए भेज दिए हैं। वहीं मामले को लेकर खान सर से भी पूछताछ की गई है।

घटना को लेकर प्रतिद्वंद्वी संस्थान ज्ञान बिंदु कोचिंग ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर वीडियो जारी किया। संस्थान के प्रतिनिधि आदर्श कुमार ने दावा किया कि फायरिंग किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि खान सर के सुरक्षा गार्डों ने की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि पूरी घटना पूर्व नियोजित थी और गार्ड्स ने खान सर के निर्देश पर फायरिंग की। साथ ही ज्ञान बिंदु कोचिंग के संचालक रौशन आनंद की गिरफ्तारी पर भी सवाल उठाए गए।

वीडियो सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई और खान सर के कोचिंग सेंटर पहुंचकर दोनों गार्डों को हिरासत में लिया। करीब तीन घंटे की पूछताछ के बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, वीडियो की जांच और पूछताछ के आधार पर मामले में नई प्राथमिकी भी दर्ज की गई है। हालांकि पुलिस ने आधिकारिक तौर पर पूछताछ में दिए गए बयानों की पुष्टि नहीं की है।

गौरतलब है कि 2 जून की रात खान सर के कोचिंग सेंटर में विवाद और हिंसा की घटना सामने आई थी। प्रारंभिक शिकायत में आरोप लगाया गया था कि कुछ लोगों ने परिसर में घुसकर तोड़फोड़, पत्थरबाजी और गार्ड से मारपीट की थी। उस समय खान सर की ओर से भी फायरिंग होने का दावा किया गया था, हालांकि बाद में उन्होंने इस बयान से दूरी बना ली थी।

इस मामले में पहले ज्ञान बिंदु कोचिंग के संचालक रौशन आनंद समेत दो लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। रौशन आनंद लगातार खुद को निर्दोष बताते रहे हैं। अब नए वीडियो के सामने आने और सुरक्षा गार्डों की गिरफ्तारी के बाद मामले की दिशा बदलती नजर आ रही है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।





































