RAIPUR NEWS. रायपुर में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी अजय रक्सेल को कांकेर से गिरफ्तार किया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और सिविल लाइन थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ा। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया बटनदार चाकू और पीड़ित का दोपहिया वाहन भी बरामद किया है। पुलिस ने इलाके में बदमाश का खौफ कम करने के लिए आरोपी अजय रक्सेल का जुलूस भी निकाला।

पुरानी रंजिश को लेकर हुआ विवाद
पुलिस के मुताबिक, शुभम श्रीवास्तव ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 26 अगस्त की रात अजय रक्सेल उसे उसके घर से अपनी गाड़ी में बैठाकर कटोरा तालाब स्थित दाउजी बिल्डिंग वाली गली में ले गया था।

वहां पहुंचने के बाद अजय ने अपने साथी हर्ष कोसले और एक अन्य युवक को भी बुला लिया। बातचीत के दौरान पुरानी रंजिश को लेकर अजय और शुभम के बीच विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए शुभम को जान से मारने की धमकी दी और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
करीब 18 बार चाकू से किया वार
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने शुभम की हत्या की नीयत से उस पर चाकू से हमला किया। इस दौरान उसके शरीर पर करीब 18 गंभीर वार किए गए। चाकू के हमले में शुभम के दोनों पैरों समेत शरीर के कई हिस्सों में चोटें आईं। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल शुभम की शिकायत पर सिविल लाइन पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
कांकेर में छिपा था मुख्य आरोपी
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और सिविल लाइन थाना पुलिस की संयुक्त टीम बनाई गई। टीम ने पीड़ित से घटना की विस्तृत जानकारी लेने के साथ आरोपियों के संभावित ठिकानों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि मामले का मुख्य आरोपी अजय रक्सेल कांकेर जिले में छिपा हुआ है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम कांकेर रवाना हुई और लगातार पतासाजी करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पहले भी जेल जा चुका है अजय रक्सेल
पुलिस के मुताबिक, अजय रक्सेल का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। वर्ष 2022 में तेलीबांधा थाना क्षेत्र और 2023 में सिविल लाइन थाना क्षेत्र में मारपीट और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामलों में उसकी गिरफ्तारी हो चुकी है। इन मामलों में आरोपी जेल भी जा चुका है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर पीड़ित का दोपहिया वाहन और वारदात में इस्तेमाल बटनदार चाकू बरामद किया है। फिलहाल आरोपी अजय रक्सेल को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। वहीं, मामले में शामिल हर्ष कोसले समेत अन्य आरोपी अभी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है।





































