JANJGIR NEWS. शहर के कोरवा पारा क्षेत्र स्थित पद्मिनी मल्टीप्लेक्स में सोमवार को भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग तेजी से फैलते हुए मल्टीप्लेक्स की स्क्रीन नंबर-1 तक पहुंच गई, जिससे परिसर के भीतर बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ है।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के लिए अभियान शुरू किया। राहत और बचाव कार्य में पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी तथा स्थानीय नागरिकों ने भी सहयोग किया। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस ने पूरे क्षेत्र को घेराबंदी कर अपने नियंत्रण में ले लिया।

मल्टीप्लेक्स के समीप स्थित एक नर्सिंग होम में धुआं भर जाने के कारण मरीजों और स्टाफ को एहतियातन बाहर निकाला गया। आग की चपेट में आने से मल्टीप्लेक्स के अंदर लगा पर्दा, साउंड सिस्टम, कुर्सियां और फॉल्स सीलिंग पूरी तरह जलकर खाक हो गई। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस हादसे में करीब 50 से 60 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में मल्टीप्लेक्स का बड़ा हिस्सा धुएं और लपटों से घिर गया। दमकल कर्मियों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया गया।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।




































