KANKER NEWS. कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर क्षेत्र के इरागांव में एक महिला के अंतिम संस्कार को लेकर विवाद की स्थिति बन गई। महिला की मौत के बाद अंतिम संस्कार की तैयारियां चल रही थीं, तभी बड़ी संख्या में ग्रामीण वहां पहुंच गए और मृतिका पर धर्मांतरण का आरोप लगाते हुए गांव में अंतिम संस्कार करने का विरोध करने लगे। देखते ही देखते मामला तनावपूर्ण हो गया और दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ने लगा।

जानकारी के अनुसार, इरागांव निवासी गणेशिया नेताम का बीमारी के बाद निधन हो गया था। परिजन अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे, लेकिन इसी दौरान कुछ ग्रामीणों ने महिला पर धर्म परिवर्तन करने का आरोप लगाते हुए गांव में अंतिम संस्कार की अनुमति देने का विरोध किया।

विरोध बढ़ने से गांव में तनाव का माहौल बन गया। मामले की सूचना मिलते ही भानुप्रतापपुर थाना प्रभारी रामेश्वर देशमुख पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों पक्षों से चर्चा कर स्थिति को शांत करने का प्रयास किया।

काफी देर तक चली समझाइश और बातचीत के बाद मृतिका के परिजन शव को दूसरे स्थान पर ले जाकर अंतिम संस्कार करने के लिए सहमत हो गए। घटना के बाद गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

प्रशासन और पुलिस लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना न हो। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, हालांकि गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। प्रशासन ने लोगों से शांति, संयम और सौहार्द बनाए रखने की अपील की है।





































