Swami Avimukteshwaranand: झांसी, उत्तर प्रदेश:शंकराचार्य एवं ज्योतिष पीठाधीश्वर स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने कहा है कि उत्तर प्रदेश का अगला विधानसभा चुनाव गो रक्षा और गाय को राष्ट्र माता का दर्जा देने के मुद्दे पर लड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि सत्ता में मौजूद दलों को तत्काल गाय को राष्ट्र माता घोषित करना चाहिए, जबकि विपक्षी दलों को यह शपथ लेनी चाहिए कि सरकार बनने पर वे ऐसा करेंगे। उनके अनुसार जो दल गाय को यह सम्मान देगा, वही देश में शासन करेगा।

झांसी के एक दिवसीय प्रवास के दौरान कुंज बिहारी मंदिर में मीडिया से बातचीत करते हुए शंकराचार्य ने केंद्र और राज्य सरकारों पर गो संरक्षण को लेकर गंभीर न होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की कई गोशालाओं और आश्रय स्थलों की स्थिति चिंताजनक है। साथ ही गो संरक्षण योजनाओं में भ्रष्टाचार होने के आरोप भी लगाए।

राजनीतिक दलों को जनता देगी जवाब
स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने कहा कि गाय के नाम पर राजनीति करने वाले दलों को अब जनता के सामने जवाबदेह होना पड़ेगा। उनका कहना था कि जो राजनीतिक दल गो रक्षा नहीं करेगा, उसे जनता नकार देगी। उन्होंने किसी विशेष पार्टी का नाम लिए बिना कहा कि गाय की हत्या कराने वाली कोई भी पार्टी उनकी दृष्टि में विरोधी है।

एफआईआर और घुसपैठ के मुद्दे पर चिंता
शंकराचार्य ने हाल ही में अपने खिलाफ दर्ज मुकदमे का जिक्र करते हुए कहा कि काल्पनिक आरोपों के आधार पर एफआईआर दर्ज होना न्याय व्यवस्था के लिए चिंता का विषय है। उन्होंने इसे न्याय की मूल भावना के विरुद्ध बताया। इसके अलावा सीमाई घुसपैठ और विभिन्न राजनीतिक दलों की नीतियों पर भी चिंता जताते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की।

Swami Avimukteshwaranand: धीरेंद्र शास्त्री के दिव्य दरबार पर टिप्पणी
पं. धीरेंद्र शास्त्री के दिव्य दरबार पर कटाक्ष करते हुए शंकराचार्य ने कहा कि यदि वास्तव में ऐसी कोई दिव्य शक्ति मौजूद है, तो उसका उपयोग देशहित और प्राकृतिक आपदाओं की पूर्व सूचना देने में किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा एजेंसियों को भी ऐसी शक्तियों का उपयोग राष्ट्रीय सुरक्षा और जनकल्याण के लिए करना चाहिए। प्रवास के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उनसे आशीर्वाद लिया, जिसके बाद वे जालौन के लिए रवाना हो गए।






































