DHAMTARI NEWS. छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में एक महिला के शव के अंतिम संस्कार को लेकर शनिवार को गांव में विवाद की स्थिति बन गई। मामला श्यामतराई गांव का है, जहां महिला के परिजन शव को दफनाने के लिए पहुंचे थे। इसकी जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और गांव की जमीन पर शव दफनाने का विरोध करने लगे। ग्रामीणों का कहना था कि मृतिका गीता साहू पिछले कुछ वर्षों से हिंदू रीति-रिवाजों का पालन नहीं कर रही थीं। ग्रामीणों ने यह भी दावा किया कि वह हिंदू धार्मिक मान्यताओं को नहीं मानती थीं और रामपाल पंथ को मानने की बात कही जाती थी।

परिजन जब महिला के शव को दफनाने के लिए गांव की जमीन पर पहुंचे तो ग्रामीणों ने इसका विरोध शुरू कर दिया। ग्रामीणों की मांग थी कि गांव के श्मशान घाट में हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार ही महिला का अंतिम संस्कार किया जाए। विरोध के दौरान ग्रामीणों ने मौके पर बांस लगाकर घेराबंदी भी कर दी। इससे वहां कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बन गई।

पुलिस और प्रशासन की टीम पहुंची
विवाद की सूचना मिलने के बाद प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने दोनों पक्षों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया। काफी देर तक चली समझाइश के बाद परिजन हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार महिला का अंतिम संस्कार करने के लिए तैयार हो गए।

बातचीत के बाद मामला शांत
प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच सहमति बनने के बाद मौके पर स्थिति सामान्य हो गई। फिलहाल गांव में किसी तरह की अप्रिय स्थिति की सूचना नहीं है। प्रशासन ने भी ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील की है।






































