KANKER NEWS. कांकेर में 17 वर्षीय नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। कोतवाली थाना क्षेत्र के कोरर जंगल में वारदात को अंजाम दिए जाने की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक, मंगलवार रात करीब 9 बजे नाबालिग अपने एक परिचित युवक के साथ बाइक से घूमने निकली थी। देर रात तक उसके घर नहीं लौटने पर परिजन चिंतित हो गए। उन्होंने कोतवाली थाने पहुंचकर नाबालिग के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी।

तलाश के दौरान पुलिस को नाबालिग घर से करीब 30 किलोमीटर दूर कोरर क्षेत्र के जंगल में मिली। पुलिस पूछताछ में पीड़िता ने आरोप लगाया कि दो युवक उसे बहला-फुसलाकर बाइक से जंगल की ओर ले गए। वहां उन्होंने अपने दो अन्य साथियों को बुलाया और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।

नाबालिग के बयान के आधार पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण कराने के साथ मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।







































