KANKER NEWS. कांकेर जिले के अंतागढ़ के पास कुहचे गांव स्थित SSB कैंप में सोमवार को एक जवान की मौत से हड़कंप मच गया। कैंप में तैनात हवलदार आनंद प्रकाश तिवारी की मौत सर्विस हथियार से गोली लगने के कारण हुई है। घटना की सूचना मिलते ही SSB के अधिकारी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी।

जानकारी के मुताबिक, आनंद प्रकाश तिवारी उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे और कुहचे स्थित SSB कैंप में हवलदार के पद पर तैनात थे। बताया जा रहा है कि उन्होंने कैंप परिसर में अपने सर्विस हथियार से खुद को गोली मार ली। घटना के बाद कैंप में मौजूद अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई। इसके बाद पुलिस को भी सूचना दी गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटना के कारणों का पता लगाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर भेजा गया है। पुलिस कैंप में मौजूद जवानों और अन्य संबंधित लोगों से जानकारी जुटा रही है।

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि जवान ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों और अन्य परिस्थितियों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।







































