RAIPUR NEWS. पुराने धमतरी रोड स्थित कोलार के कल्पवृक्ष रिसोर्ट में चल रहे कथित अवैध कैसिनो पर पुलिस और प्रशासन ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बड़ा खुलासा किया है। रिसोर्ट के भीतर संचालित खोखी झीमखाना क्लब में बिना वैध अनुमति के हाईप्रोफाइल जुआ खेले जाने की सूचना पर पुलिस ने छापेमारी की।

जानकारी के मुताबिक, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर एसपी श्वेता सिन्हा श्रीवास्तव के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर रिसोर्ट में दबिश दी गई। जांच के दौरान क्लब के भीतर कैसिनो की तर्ज पर तैयार किया गया पूरा सेटअप मिला।

मौके से पोकर खेलने के लिए विशेष टेबल, रमी गेम की टेबल्स और बड़ी संख्या में ताश की गड्डियां बरामद की गईं। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पूरे गेमिंग जोन को सील कर दिया। अधिकारियों ने क्लब संचालकों को नोटिस जारी कर संचालन से जुड़े सभी वैधानिक दस्तावेज और अनुमति पत्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यदि क्लब प्रबंधन निर्धारित समय सीमा में आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाता है, तो उनके खिलाफ जुआ अधिनियम और अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पंचनामा तैयार कर रही है तथा मामले की विस्तृत जांच जारी है। अधिकारियों द्वारा यह भी पता लगाया जा रहा है कि क्लब में लंबे समय से इस तरह की गतिविधियां संचालित हो रही थीं या नहीं और इसमें कौन-कौन लोग शामिल थे।




































