DHAMTARI NEWS. सोशल मीडिया पर Reel बनाने का शौक दो युवकों को भारी पड़ गया। धमतरी उप जेल के मुख्य द्वार के सामने Reel बनाने पहुंचे दोनों युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

मामला 20 अगस्त का है। सिटी कोतवाली पुलिस की पेट्रोलिंग के दौरान सूचना मिली थी कि उप जेल के मुख्य द्वार के पास दो युवक मोबाइल से Reel बना रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को समझाइश दी।

पुलिस के मुताबिक, जेल के सामने का इलाका संवेदनशील होने के कारण वहां इस तरह वीडियो या Reel बनाना सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावित कर सकता है। पुलिस ने दोनों युवकों से Reel नहीं बनाने को कहा, लेकिन आरोप है कि समझाइश के बावजूद उन्होंने वीडियो बनाना जारी रखा।

इसके बाद पुलिस ने दोनों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, पकड़े गए युवकों की पहचान शेख आसिफ (20), निवासी महंत घासीदास वार्ड, धमतरी और जसवंत सिंह हिरा (23), निवासी सुंदरगंज वार्ड, धमतरी के रूप में हुई है।

दोनों के खिलाफ धारा 170/126 और 135 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। गिरफ्तारी के बाद उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। यानी जिस जगह के बाहर दोनों सोशल मीडिया पर Reel बनाकर अपनी मौजूदगी दिखाना चाहते थे, कार्रवाई के बाद उसी जेल में उन्हें पहुंचना पड़ा।





































