IPL 2026 : लखनऊ सुपर जायंट्स ने आधिकारिक रूप से घोषणा की है कि ऋषभ पंत ने आईपीएल 2026 सीजन के बाद कप्तानी छोड़ने का फैसला किया है। फ्रेंचाइजी ने शुक्रवार (29 मई) को सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए जानकारी दी कि पंत ने स्वयं कप्तानी की जिम्मेदारी से मुक्त होने का अनुरोध किया था, जिसे टीम ने तुरंत स्वीकार कर लिया।

फ्रेंचाइजी द्वारा जारी बयान में कहा गया, “लखनऊ सुपर जायंट्स यह औपचारिक रूप से घोषित करना चाहती है कि ऋषभ पंत ने कप्तानी की जिम्मेदारी से मुक्त किए जाने का अनुरोध किया, जिसे फ्रेंचाइजी ने तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया।” टीम प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि यह फैसला आपसी सहमति से लिया गया है।

टीम डायरेक्टर ने क्या कहा?
टीम डायरेक्टर टॉम मूडी ने भी इस फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह निर्णय लेना आसान नहीं था, लेकिन फ्रेंचाइजी ने पंत के अनुरोध का सम्मान किया है। उन्होंने कप्तान के रूप में उनके योगदान की सराहना करते हुए कहा कि ड्रेसिंग रूम में उनका अनुभव और नेतृत्व टीम के लिए महत्वपूर्ण रहा है।

लखनऊ के साथ जुड़े रहेंगे पंत
फिलहाल जानकारी के अनुसार ऋषभ पंत टीम के खिलाड़ी के रूप में लखनऊ सुपर जायंट्स के साथ बने रहेंगे, हालांकि अगले सीजन के रिटेंशन और रिलीज सूची के बाद ही उनके भविष्य पर अंतिम निर्णय स्पष्ट होगा।
पंत की कप्तानी में लखनऊ का खराब प्रदर्शन
आईपीएल 2026 सीजन में लखनऊ सुपर जायंट्स का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा। टीम ने 14 लीग मैचों में केवल 4 मुकाबले जीते और 10 में हार का सामना किया। इसके चलते लखनऊ की टीम पॉइंट्स टेबल में अंतिम यानी 10वें स्थान पर रही और यह उनका अब तक का सबसे खराब प्रदर्शन माना गया।



































