RAIPUR NEWS. राजधानी रायपुर के उरला मेटल पार्क स्थित एक बिस्किट निर्माण फैक्ट्री में भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग इतनी भयावह थी कि इसका धुआं कई किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया, जिससे आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना खमतराई थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार, रावभाटा स्थित भारती फूड्स फैक्ट्री में अचानक आग भड़क उठी।

आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, SDRF और पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। दमकल कर्मियों ने कई घंटों की मशक्कत के बाद आग को फैलने से रोकने की कोशिश की। आग लगने के बाद फैक्ट्री के भीतर कुछ लोगों के फंसे होने की आशंका जताई गई थी, जिसके चलते बचाव दल ने तत्काल सर्च ऑपरेशन शुरू किया।

हालांकि पुलिस के अनुसार अब तक किसी के हताहत होने या घायल होने की सूचना नहीं मिली है, जो बड़ी राहत की बात है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, फैक्ट्री में बिस्किट का निर्माण किया जाता है। फैक्ट्री की मालिक भारती कोड़वानी हैं। आग की चपेट में आने से मशीनरी, तैयार माल और अन्य संसाधनों को भारी नुकसान पहुंचा है। प्रारंभिक आकलन के अनुसार, इस हादसे में करीब 4 से 5 करोड़ रुपये की संपत्ति जलकर खाक हो गई है।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और संबंधित विभागों की टीम मामले की जांच में जुटी हुई है। आग शॉर्ट सर्किट, तकनीकी खराबी या अन्य किसी वजह से लगी, इसका खुलासा जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

सुरक्षा इंतजामों की भी होगी पड़ताल
औद्योगिक क्षेत्र में हुए इस बड़े हादसे के बाद फैक्ट्री के अग्नि सुरक्षा इंतजामों और आपातकालीन प्रबंधन व्यवस्था की भी जांच की जाएगी। प्रशासन का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।




































