KORBA NEWS. कोरबा जिले के तुमान में आयोजित सुशासन तिहार समाधान शिविर के दौरान एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कर्मचारी को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। ACB की टीम ने सहायक ग्रेड-2 के बाबू प्रदीप मिश्रा को 40 हजार रुपये की घूस लेते पकड़ा।

जानकारी के मुताबिक, सेवानिवृत्त शिक्षक अमृतलाल बघेल से काम कराने के एवज में आरोपी कर्मचारी द्वारा 40 हजार रुपये की रिश्वत मांगी गई थी। शिकायत मिलने के बाद बिलासपुर ACB की टीम ने जाल बिछाया और समाधान शिविर के दौरान ही कार्रवाई को अंजाम दिया।

बताया जा रहा है कि बिलासपुर ACB के डीएसपी अजीत सिंह के नेतृत्व में टीम ने अचानक शिविर में दबिश दी और आरोपी को रिश्वत की रकम के साथ धर दबोचा। कार्रवाई के बाद शिविर स्थल पर हड़कंप मच गया। फिलहाल आरोपी से कोषागार विभाग में पूछताछ की जा रही है। ACB की टीम मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। इस कार्रवाई के बाद प्रशासनिक महकमे में भी खलबली मच गई है।

वहीं, रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ अनुविभाग अंतर्गत छाल तहसीलदार कार्यालय में भी एंटी करप्शन ब्यूरो ने रिश्वतखोरी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक लिपिक को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम धसकामुड़ा निवासी किसान भानुप्रताप पटेल से खसरा के बी-1 में त्रुटि सुधार करने के नाम पर 60 हजार रुपये की मांग की गई थी। मामले की शिकायत ACB से की गई थी। शिकायत की जांच के बाद ACB टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई करते हुए आरोपी तुलाराम पटेल को रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया।

बताया जा रहा है कि आरोपी तुलाराम पटेल शिक्षक पद पर कार्यरत है और छाल तहसील कार्यालय में लिपिक के रूप में अटैच था। ACB अधिकारियों के अनुसार आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। आवश्यक दस्तावेजों और साक्ष्यों की जांच के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
फिलहाल दोनों मामलों में ACB की टीम विस्तृत जांच में जुटी हुई है।


































