BILASPUR NEWS. पचपेड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम गोपालपुर में एक ऐसी हृदयविदारक घटना सामने आई है, जिसने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। खेत में मोटर चालू करते समय करंट लगने से पति की मौत के बाद सदमे में डूबी पत्नी ने भी फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। महज दो दिनों के भीतर एक ही परिवार से दो अर्थियां उठने से गांव में मातम पसरा हुआ है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम गोपालपुर निवासी रामनारायण केंवट (26), जो खेती-किसानी से जुड़े थे, का विवाह करीब चार वर्ष पूर्व सुनीता बाई केंवट से हुआ था। रविवार को रामनारायण घर में लगे पानी के मोटर पंप को चालू करने गए थे। इसी दौरान वे अचानक बिजली करंट की चपेट में आ गए। करंट इतना तेज था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

पति की असामयिक मौत के बाद सुनीता बाई गहरे सदमे में चली गई थी। परिजनों के मुताबिक, वह लगातार खामोश रहने लगी थी और किसी से ज्यादा बातचीत भी नहीं कर रही थी। परिवार के सदस्य उसे संभालने और हिम्मत देने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन पति के बिछड़ने का दुख उस पर भारी पड़ गया।

बताया जा रहा है कि मंगलवार देर रात जब घर के लोग सो रहे थे, उसी दौरान सुनीता अपने कमरे में गई और फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। देर रात परिजनों की नजर पड़ने पर उसे नीचे उतारकर बचाने की कोशिश की गई, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

बुधवार सुबह घटना की सूचना मिलते ही पचपेड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार किया गया। गांव में एक साथ दो मौतों से शोक का माहौल है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।




































