DURG NEWS. बेटी के लापता होने के बाद उसकी तलाश में दर-दर भटक रहे एक पिता ने अब पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र के पंचशील बोरसी-बी निवासी जयप्रकाश चौहान ने अपनी लापता बेटी की बरामदगी में पुलिस द्वारा लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) दुर्ग से न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़ित पिता ने पुलिस अधिकारियों को आवेदन सौंपकर बेटी को जल्द तलाशने, मामले की निष्पक्ष जांच कराने और कार्रवाई में कथित लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ उचित कदम उठाने की मांग की है।

28 जुलाई की रात अचानक लापता हुई बेटी
जयप्रकाश चौहान (42) के अनुसार उनकी पुत्री लक्ष्मी चौहान बीते 28 जुलाई 2026 की रात करीब 8 से 11 बजे के बीच बिना किसी को बताए घर से कहीं चली गई। परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं चलने पर अगले दिन 29 जुलाई को पद्मनाभपुर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
पिता का आरोप है कि इसके बाद भी बेटी का अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका है।

युवती को भगाकर ले जाने का आरोप
शिकायत पत्र के अनुसार, मोहल्ले में रहने वाली शालू चौहान नाम की युवती ने लक्ष्मी को घर के पीछे से एक युवक के साथ जाते देखा था। पिता ने आरोप लगाया कि बिहार निवासी पुरषोत्तम सिंह राजपूत उनकी बेटी को भगाकर ले गया है। इसकी जानकारी पुलिस को भी दी गई और मामले में अपराध दर्ज होने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया गया है।

थाने में नहीं मिल रही कार्रवाई की स्पष्ट जानकारी
पीड़ित पिता का कहना है कि बेटी की तलाश और मामले की प्रगति की जानकारी लेने के लिए वे लगातार थाने के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उन्हें जांच और कार्रवाई को लेकर स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा रही है। इससे परेशान होकर उन्होंने अब एसएसपी दुर्ग के समक्ष आवेदन देकर मामले में त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है।
जयप्रकाश चौहान ने एसएसपी से पद्मनाभपुर थाना पुलिस को उनकी बेटी की जल्द तलाश करने और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई के निर्देश देने की गुहार लगाई है।






































