RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में बम बनाने से जुड़ी संदिग्ध सामग्री मिलने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। खमतराई थाना क्षेत्र के रावाभाठा इलाके से जुड़े इस मामले में पुलिस ने आरोपी विनय देवांगन को 12 मई की रात गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद सुरक्षा एजेंसियां लगातार उससे पूछताछ कर रही हैं।

जानकारी के मुताबिक, गुरुवार को रावाभाठा इलाके में एक संदिग्ध बैग मिलने की सूचना से हड़कंप मच गया था। सूचना मिलते ही पुलिस टीम, बम निरोधक दस्ता (BDDS) और फॉरेंसिक एक्सपर्ट मौके पर पहुंचे। सुरक्षा को देखते हुए पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू की गई। प्रारंभिक जांच में बैग से लो-इंटेंसिटी विस्फोटक सामग्री और बम बनाने में इस्तेमाल होने वाले संदिग्ध उपकरण मिलने की पुष्टि हुई थी।

इसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तकनीकी जांच और निगरानी बढ़ा दी। जांच के दौरान मिले तकनीकी साक्ष्यों और अन्य इनपुट्स के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी विनय देवांगन को गिरफ्तार किया। फिलहाल उससे वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में पूछताछ की जा रही है।

घटना सामने आने के बाद रावाभाठा समेत आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल बन गया था। एहतियात के तौर पर पुलिस ने कई संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ा दी है। बता दें कि बम की सामग्री मिलने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया था।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद सामग्री का इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था और क्या इस मामले में अन्य लोग भी शामिल हैं। मामले की जांच कई एंगल से जारी है।




































