LUCKNOW NEWS. समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के छोटे भाई प्रतीक यादव का बुधवार को निधन हो गया। वह 38 वर्ष के थे। सुबह उनकी तबीयत बिगड़ने पर उन्हें लखनऊ के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सिविल अस्पताल के चीफ मेडिकल ऑफिसर डॉ. डीसी पांडेय के अनुसार, जब प्रतीक यादव को अस्पताल लाया गया, तब उनकी पल्स बंद थी और हार्ट भी काम नहीं कर रहा था।

फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है। शव का पोस्टमॉर्टम किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी में कराया जा रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही अखिलेश यादव पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचे। वहीं प्रतीक की पत्नी और भाजपा नेता अपर्णा यादव इस समय असम में थीं। सूचना मिलने के बाद वह लखनऊ के लिए रवाना हो गई हैं।

सूत्रों के मुताबिक, 30 अप्रैल को प्रतीक यादव की तबीयत गंभीर होने पर उन्हें लखनऊ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। कुछ दिन इलाज के बाद उनकी हालत में सुधार हुआ था, जिसके बाद वे अस्पताल से घर लौट आए थे। प्रतीक यादव ने ब्रिटेन की लीड्स यूनिवर्सिटी से पढ़ाई की थी। वे सक्रिय राजनीति से दूर रहे और रियल एस्टेट व फिटनेस कारोबार से जुड़े थे। लखनऊ में वह ‘द फिटनेस प्लैनेट’ नाम से जिम संचालित करते थे।

प्रतीक और अपर्णा यादव की शादी 4 दिसंबर 2011 को सैफई में हुई थी। दोनों की पहली मुलाकात 2001 में एक बर्थडे पार्टी के दौरान हुई थी। बाद में दोस्ती प्यार में बदली और दोनों ने लव मैरिज की। इस हाई-प्रोफाइल शादी में कई बड़ी हस्तियां शामिल हुई थीं। दंपति की दो बेटियां हैं।

इसी साल जनवरी में प्रतीक यादव ने सोशल मीडिया पर पत्नी अपर्णा यादव से अलग होने का संकेत दिया था। उन्होंने निजी जीवन को लेकर पोस्ट भी साझा की थी। हालांकि कुछ दिनों बाद दोनों के बीच सुलह हो गई थी। प्रतीक ने अपर्णा के साथ तस्वीर साझा करते हुए लिखा था — All is Good यानी सब अच्छा है।


































