RAIPUR NEWS. राजधानी रायपुर में आयोजित भाजपा नेत्री और मंडी सदस्य मोनिका सिंह के भाई की शादी अब विवादों के केंद्र में आ गई है। शादी समारोह में खुलेआम हर्ष फायरिंग और हथियारों के प्रदर्शन का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों से लेकर पुलिस महकमे तक हलचल मच गई है।

वायरल वीडियो में भाजपा नेत्री के पति ऋतुपर्ण सिंह अपने बेटे से हर्ष फायरिंग कराते नजर आ रहे हैं। समारोह में मौजूद कई लोग हथियार लहराते हुए दिखाई दे रहे हैं। इतना ही नहीं, महिलाओं और बच्चों तक को हथियारों के साथ रील बनाते देखा गया। वीडियो में ‘धुरंधर’ फिल्म के गानों पर हथियारों के साथ प्रदर्शन किया गया, जिसे लेकर सोशल मीडिया में जमकर प्रतिक्रियाएं आ रही हैं।

जानकारी के मुताबिक, ऋतुपर्ण सिंह बिलासपुर में चतुर्थ श्रेणी के शासकीय कर्मचारी बताए जा रहे हैं। उन पर आरोप है कि इससे पहले भी भाजपा नेताओं के परिजनों की शादियों में इस तरह की हर्ष फायरिंग और हथियार प्रदर्शन की घटनाओं में उनकी भूमिका रही है।

मामले ने राजनीतिक रंग भी पकड़ लिया है। कांग्रेस ने घटना को लेकर प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और सत्ता से जुड़े लोग खुलेआम कानून का उल्लंघन कर रहे हैं। वहीं, रायपुर पुलिस का कहना है कि अब तक कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं हुई है, लेकिन वायरल वीडियो के आधार पर जांच की जाएगी।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो को लेकर लोगों में नाराजगी भी देखी जा रही है। कई लोगों ने सवाल उठाया है कि आखिर बच्चों और महिलाओं के हाथों में हथियार कैसे पहुंचे और सार्वजनिक कार्यक्रम में इस तरह खुलेआम फायरिंग कैसे हुई।




































