MUNGELI NEWS. मुंगेली जिले के जरहागांव नगर पंचायत क्षेत्र में कथित अवैध शराब कारोबार को लेकर जनाक्रोश बढ़ता जा रहा है। लंबे समय से क्षेत्र में जारी अवैध शराब बिक्री के विरोध में अब नगर पंचायत के जनप्रतिनिधि खुलकर सामने आ गए हैं। नगर पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और पार्षदों ने थाना प्रभारी जरहागांव को ज्ञापन सौंपकर इस अवैध गतिविधि पर तत्काल सख्त कार्रवाई की मांग की है।

क्षेत्र का माहौल बिगड़ने का आरोप
जनप्रतिनिधियों का कहना है कि नगर पंचायत और आसपास के ग्रामीण इलाकों में कई महीनों से खुलेआम अवैध शराब बेची जा रही है। कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक प्रभावी कदम नहीं उठाए गए। उनका आरोप है कि इस कारोबार से सामाजिक वातावरण प्रभावित हो रहा है और महिलाएं, युवा तथा आम लोग परेशानियों का सामना कर रहे हैं।

प्रशासन को दी तीखी चेतावनी
ज्ञापन में जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन के सामने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि यदि अवैध शराब बिक्री पर रोक लगाना संभव नहीं है, तो फिर आम नागरिकों को भी खुलेआम शराब बेचने की अनुमति दे दी जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि जल्द कार्रवाई नहीं होने पर क्षेत्रवासी आंदोलन और विरोध प्रदर्शन के लिए मजबूर होंगे।

पुलिस से निष्पक्ष कार्रवाई की मांग
जनप्रतिनिधियों ने कहा कि भविष्य में किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न होती है तो उसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और पुलिस विभाग की होगी। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस प्रशासन ने भी अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। साथ ही जनप्रतिनिधियों से अपील की गई है कि ऐसे कारोबारियों को किसी प्रकार का राजनीतिक या सामाजिक संरक्षण न दिया जाए।

इलाके में चर्चा तेज
इस घटनाक्रम के बाद जरहागांव क्षेत्र में अवैध शराब का मुद्दा चर्चा का केंद्र बन गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है।



































