PATNA NEWS. बिहार में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली सरकार का गुरुवार को बड़ा कैबिनेट विस्तार हुआ। मुख्यमंत्री बनने के 22 दिन बाद आयोजित इस मेगा शपथ ग्रहण समारोह में कुल 32 मंत्रियों को मंत्रिमंडल में शामिल किया गया। पहले चरण में निशांत कुमार, श्रवण कुमार, विजय सिन्हा, लेसी सिंह और दिलीप जायसवाल ने शपथ ली। निशांत कुमार पहली बार मंत्री बने हैं। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल हुए। उनका पटना एयरपोर्ट से गांधी मैदान तक रोड शो हुआ।

मंच पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मौजूद रहे। कार्यक्रम खत्म होने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने नीतीश कुमार को अपने पास बुलाया और दोनों नेताओं ने मंच पर हाथ मिलाया। इस दौरान नीतीश कुमार ने पीएम मोदी का कंधा पकड़कर बातचीत की, जिसका वीडियो भी चर्चा में रहा।

सम्राट सरकार के मंत्रिमंडल में जातीय समीकरण साधने की कोशिश साफ नजर आई। कैबिनेट में EBC वर्ग से 10, OBC से 6, दलित समुदाय से 7, सवर्ण वर्ग से 9 और मुस्लिम समुदाय से एक मंत्री को जगह दी गई है। नई सरकार में कुल 5 महिला मंत्री शामिल की गई हैं, जिनमें सबसे ज्यादा 3 मंत्री जदयू कोटे से हैं। जदयू की ओर से तीन नए चेहरों — निशांत कुमार, बुलो मंडल और श्वेता गुप्ता — को मौका मिला है। वहीं बीजेपी ने मिथिलेश तिवारी, रामचंद्र पासवान, अरुण शंकर प्रसाद, नंद किशोर राम और इंजीनियर शैलेंद्र जैसे नए चेहरों पर भरोसा जताया है।

गांधी मैदान से बीजेपी कार्यालय तक उत्साह
गांधी मैदान में कार्यक्रम के लिए तीन बड़े मंच बनाए गए थे। प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया गया। वहीं बीजेपी कार्यालय के बाहर कार्यकर्ताओं ने भजन-कीर्तन किया। राजधानी पटना में जगह-जगह भगवामय पोस्टर लगाए गए, जिनमें “अंग, बंग और कलिंग” जैसे नारे भी नजर आए।

रोहिणी आचार्य का निशाना
शपथ ग्रहण समारोह के बीच लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर निशांत कुमार के मंत्री बनने पर तंज कसा। उन्होंने लिखा कि बिना चुनाव लड़े शॉर्टकट तरीके से मंत्रिमंडल में एंट्री दिलाई गई है और इसके लिए उन्होंने नीतीश कुमार पर भी निशाना साधा।




































