BILASPUR NEWS. शहर के चर्चित मैग्नेटो मॉल में संचालित एक कथित हॉस्पिटैलिटी कंपनी द्वारा गिफ्ट कूपन और आकर्षक हॉलिडे पैकेज के नाम पर बड़े पैमाने पर ठगी किए जाने का मामला सामने आया है। ‘क्लब्रियोंट हॉस्पिटैलिटी प्राइवेट लिमिटेड’ नामक कंपनी पर लोगों से लाखों रुपये ऐंठकर रातों-रात ऑफिस बंद कर फरार होने का आरोप लगा है। मामले में सिविल लाइन थाना पुलिस ने कंपनी संचालक सहित 16 कर्मचारियों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, ठगी का शिकार हुए लोगों को पहले फोन कर बताया जाता था कि उनका नाम “लकी कूपन” में निकला है और उन्हें विशेष उपहार दिया जाएगा। इसके बाद उन्हें मैग्नेटो मॉल की चौथी मंजिल स्थित ऑफिस नंबर 415 में बुलाया जाता था। वहां आलीशान अंदाज में विदेश और देश के प्रमुख पर्यटन स्थलों के हॉलिडे पैकेज दिखाकर लोगों को सदस्यता लेने के लिए प्रेरित किया जाता था।

पीड़ित अमित गुप्ता ने पुलिस को बताया कि 20 फरवरी को उन्हें इसी तरह फोन कर बुलाया गया और विभिन्न ऑफरों का झांसा देकर करीब 75 हजार रुपये जमा करा लिए गए। इसी प्रकार सुशांत कुमार से 76 हजार, रोहित शर्मा से 1 लाख 28 हजार और डॉ. शरद कर्णेवार से 1 लाख 10 हजार रुपये वसूले गए।

मामले का खुलासा तब हुआ जब भुगतान के बाद भी किसी को टिकट, होटल बुकिंग या पैकेज से जुड़ी कोई जानकारी नहीं मिली। संदेह होने पर अमित गुप्ता 24 अप्रैल को कंपनी के ऑफिस पहुंचे तो वहां ताला लटका मिला। मौके पर पहले से मौजूद कई अन्य लोगों ने भी खुद को ठगी का शिकार बताया। आरोपियों ने सभी ग्राहकों के फोन उठाना भी बंद कर दिया था।

प्रारंभिक जांच में अब तक करीब 8 लाख 12 हजार रुपये की ठगी सामने आई है, लेकिन पीड़ितों का दावा है कि ठगी की रकम 50 लाख से लेकर 1 करोड़ रुपये तक हो सकती है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि कंपनी ने बिलासपुर के अलावा रायपुर के मैग्नेटो मॉल और भिलाई के सूर्या मॉल में भी अपने ऑफिस संचालित किए थे।

सिविल लाइन पुलिस ने कंपनी के मुख्य संचालक नागेश बालासाहेब साखरे, श्रीमंत राम खांडे समेत किरण मुनी, इमरान अंसारी, साहिल ठाकुर, अक्षय मीठे, कपिल, आसिफ, मुस्कान गुप्ता, अनुराग, गुंजन, अजीत ईश्वर जाटव, कुमुद, हितेश, पृथ्वी और अभिषेक के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हुई हैं।




































