PATNA NEWS. बिहार के सीवान में छात्र आंदोलन के दौरान कथित तौर पर एके-47 से फायरिंग के विरोध में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने बुधवार को पटना में जोरदार प्रदर्शन किया। छात्रों के समर्थन में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव खुद सड़क पर उतरे और जेपी गोलंबर से राजभवन तक करीब 5 किलोमीटर लंबा मार्च निकाला। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में RJD कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए।

राजभवन मार्च के दौरान डाकबंगला चौराहे पर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए बैरिकेडिंग की थी। प्रदर्शनकारी बैरिकेडिंग पार कर आगे बढ़ने लगे। इसके बाद पुलिस ने इनकम टैक्स चौराहे पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया।
इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तनाव की स्थिति बनी रही। कुछ उग्र कार्यकर्ताओं द्वारा पुलिस बल की ओर पानी की बोतलें फेंके जाने की भी बात सामने आई।

तेजस्वी यादव हिरासत में, बोले- जेल जाने से नहीं डरता
प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने तेजस्वी यादव को हिरासत में ले लिया। हिरासत में लिए जाने के बाद तेजस्वी यादव ने कहा कि वह जेल जाने से डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने श्रीकृष्ण के जेल में जन्म लेने का जिक्र करते हुए कहा कि जो लोग आज सत्ता में हैं, उनका जाना अब तय है।

हाथों में दिखी लकड़ी की एके-47
प्रदर्शन के दौरान कुछ कार्यकर्ता प्रतीकात्मक रूप से लकड़ी से बनी एके-47 लेकर भी पहुंचे। सीवान की घटना के विरोध में इसे प्रदर्शन का प्रतीक बनाया गया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी।
जवानों को संयम बरतने के निर्देश
प्रदर्शन के दौरान ASP (लॉ एंड ऑर्डर) कृष्ण मुरारी प्रसाद ने पुलिसकर्मियों को संयम बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने जवानों से झंडे का सम्मान करने और लाठी का इस्तेमाल समझदारी से करने को कहा।

करीब पांच साल बाद बड़े सड़क प्रदर्शन में उतरे तेजस्वी
तेजस्वी यादव लंबे अंतराल के बाद इस तरह के बड़े सड़क प्रदर्शन में नजर आए। इससे पहले वर्ष 2021 में बिहार सरकार के एक प्रस्ताव के विरोध में उन्होंने सड़क पर उतरकर आंदोलन किया था। इस बार छात्र आंदोलन के मुद्दे पर हुए प्रदर्शन ने पटना की सड़कों पर राजनीतिक सरगर्मी बढ़ा दी।






































