RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ की राजधानी में IPL का उत्साह चरम पर पहुंच गया है। 10 मई को होने वाले हाई-वोल्टेज मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और मुंबई इंडियंस आमने-सामने होंगे। इस मैच के लिए ऑनलाइन टिकट बिक्री शुरू होते ही दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला और सबसे सस्ती 2500 रुपए की टिकटें कुछ ही मिनटों में बिक गईं। दर्शक अधिकृत वेबसाइट के जरिए ही टिकट बुक कर पा रहे हैं और इस बार पूरी प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन रखी गई है।

फिलहाल 3300 रुपए से 8000 रुपए तक की टिकटें उपलब्ध हैं, लेकिन इनकी बिक्री भी तेज़ी से हो रही है। IPL फैंस के बीच इस मुकाबले को लेकर जबरदस्त क्रेज देखा जा रहा है। IPL के इन मुकाबलों को लेकर रायपुर में माहौल पूरी तरह क्रिकेटमय हो चुका है और आने वाले दिनों में स्टेडियम में भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। वहीं, 12 मई को होने वाले मुकाबले के लिए भी आज से टिकट बुकिंग शुरू हो गई है।

इस दिन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) का सामना कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) से होगा। स्कूल शिक्षा विभाग ने 10वीं और 12वीं के मेरिट में आने वाले छात्रों के लिए खास व्यवस्था की है। ऐसे विद्यार्थियों को मुफ्त में मैच दिखाने की योजना बनाई गई है, जिससे खेल के प्रति उनका उत्साह बढ़ाया जा सके। जानकारी के मुताबिक RCB की टीम 8 मई को रायपुर पहुंचेगी और करीब 6 दिन तक शहर में रहेगी।

इस दौरान टीम अभ्यास भी करेगी। वहीं, मुंबई इंडियंस की टीम भी इसी समय के आसपास रायपुर पहुंच सकती है। इस बार मैच के लिए डिजिटल M-टिकट जारी किए जा रहे हैं। दर्शकों को किसी फिजिकल टिकट की जरूरत नहीं होगी।
- मैच वाले दिन गेट खुलने से कुछ समय पहले ही QR कोड एक्टिव होगा
- उसी QR कोड के जरिए स्टेडियम में एंट्री मिलेगी
- फर्जी टिकट और अनधिकृत प्रवेश रोकने के लिए यह व्यवस्था लागू की गई है

एंट्री टाइम और जरूरी नियम
- स्टेडियम के गेट दोपहर 3:30 बजे खुलेंगे
- दर्शकों को टिकट में दिए गए गेट नंबर से ही प्रवेश मिलेगा
- दोबारा एंट्री (Re-entry) की अनुमति नहीं होगी
- 2 साल से अधिक उम्र के बच्चों के लिए अलग टिकट अनिवार्य
- एक मोबाइल नंबर से अधिकतम 4 टिकट ही बुक किए जा सकेंगे



































