BALRAMPUR NEWS. छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सोमवार सुबह बलरामपुर स्थित भाजपा कार्यालय पहुंचे, जहां पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने देश के पांच राज्यों में जारी चुनावी रुझानों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि शुरुआती संकेत भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में नजर आ रहे हैं, जो जनता के भरोसे और सरकार के कामकाज का परिणाम है।

मुख्यमंत्री साय ने खास तौर पर पश्चिम बंगाल के रुझानों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह लोकतंत्र की मजबूती का संकेत है। उन्होंने संबंधित राज्यों के मतदाताओं को बधाई देते हुए कहा कि लोगों ने विकास, सुशासन और जनकल्याण की नीतियों को प्राथमिकता दी है।

बताया गया कि मुख्यमंत्री रविवार को बलरामपुर प्रवास पर पहुंचे थे और रात्रि विश्राम के बाद सोमवार सुबह भाजपा कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर संगठनात्मक गतिविधियों, जमीनी मुद्दों और आगामी रणनीतियों पर चर्चा की।

दौरे के समापन के बाद मुख्यमंत्री अपने अगले कार्यक्रम के लिए रवाना हो गए। उनके आगमन से स्थानीय कार्यकर्ताओं में उत्साह और ऊर्जा का माहौल देखने को मिला। बता दें कि बंगाल की 293 सीटों पर वोटों की गिनती जारी है। एक सीट फालता पर 21 मई को फिर वोटिंग होगी। शुरुआती रुझान में भाजपा को बहुमत मिला है। भाजपा 198 और टीएमसी 88 सीटों पर आगे चल रही है। अब तक भाजपा को 45%, TMC को 42% वोट मिलते दिख रहे हैं।

वहीं, ममता बनर्जी ने कहा कि चुनाव आयोग मनमर्जी कर रहा है। अंतिम राउंड के बाद जीत हमारी ही होगी। उधर आसनसोल में टीएमसी ऑफिस कैंप में तोड़फोड़ की गई। वहां एक बम भी मिला। भवानीपुर सीट पर ममता बनर्जी आगे हैं। सुवेंदु अधिकारी पीछे चल रहे हैं। मोदी ने जहां झालमुड़ी खाई उस इलाके में भाजपा चारों सीटों पर आगे है। ये सीटें झाड़ग्राम, बिनपुर, गोपीबल्लभपुर और नयाग्राम हैं।






































