NEW DELHI NEWS. असम, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी विधानसभा चुनावों की मतगणना जारी है। ताजा रुझानों में जहां तमिलनाडु में बड़ा राजनीतिक उलटफेर दिख रहा है, वहीं केरल में सत्ता परिवर्तन के संकेत मिल रहे हैं। असम और पुडुचेरी में सत्ताधारी गठबंधन मजबूत स्थिति में हैं। तमिलनाडु में अभिनेता विजय की पार्टी TVK सबसे बड़ी ताकत बनकर उभरी है। शुरुआती रुझानों में TVK 234 में से 102 सीटों पर आगे चल रही है।

इसके साथ ही AIADMK दूसरे और सत्ताधारी DMK तीसरे स्थान पर खिसक गई है। मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन कोलाथुर सीट से पीछे चल रहे हैं। केरल में कांग्रेस के नेतृत्व वाले UDF ने बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है। UDF 93 से ज्यादा सीटों पर बढ़त बनाए हुए है, जबकि LDF करीब 44 सीटों पर आगे है। मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन धर्मदाम सीट से पीछे चल रहे हैं। कांग्रेस नेता शशि थरूर ने कहा कि पार्टी बदलाव की राजनीति के एजेंडे पर आगे बढ़ रही है।

असम में BJP लगातार बढ़त बनाए हुए है और 126 में से 95 सीटों पर आगे चल रही है। कांग्रेस को करीब 29 सीटों पर बढ़त मिलती दिख रही है। मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा की वापसी के संकेत मिल रहे हैं, और गुवाहाटी में पार्टी मुख्यालय पर जश्न की तैयारियां शुरू हो गई हैं। पुडुचेरी में NDA स्पष्ट बढ़त के साथ सरकार बनाती दिख रही है। 30 में से 22 सीटों पर NDA आगे है, जबकि कांग्रेस गठबंधन 6 सीटों पर सिमटता नजर आ रहा है।

एग्जिट पोल के मुकाबले रुझानों में सबसे बड़ा बदलाव तमिलनाडु में दिख रहा है, जहां पहले DMK की वापसी के संकेत थे, लेकिन अब नई पार्टी TVK सबसे आगे है। केरल, असम और पुडुचेरी में रुझान एग्जिट पोल के काफी हद तक अनुरूप नजर आ रहे हैं। फिलहाल मतगणना जारी है और अंतिम नतीजों के बाद ही तस्वीर पूरी तरह साफ होगी।

मतगणना के पहले दौर के अंत में हावड़ा की 181 अमता विधानसभा सीट पर भाजपा उम्मीदवार अमित सामंत 734 वोटों से आगे चल रहे हैं। पोस्टल बैलेट में बढ़त बनाने के बाद BJP उम्मीदवार सुवेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम में EVM की गिनती में भी बढ़त बना ली है। पहले राउंड के आखिर में, वह 3,100 वोटों से आगे हैं। तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार पवित्र कर पीछे चल रहे हैं।



































