BHILAI NEWS. खुर्सीपार स्थित परशुराम चौक में सोमवार को भगवान परशुराम का जन्मोत्सव श्रद्धा, उत्साह और भव्यता के साथ मनाया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के कई जनहितकारी विकास कार्यों का विधिवत भूमिपूजन भी किया गया, जिससे स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम की शुरुआत हनुमान चालीसा पाठ से हुई, जिसके बाद पूज्य श्री श्री 1008 श्री रामबालक दास जी महाराज के सान्निध्य में भगवान परशुराम जी का विधिवत पूजन संपन्न हुआ। इस दौरान समाज के वरिष्ठजनों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

भूमिपूजन के अंतर्गत परशुराम चौक में एक विशाल डोम (शेड) का निर्माण किया जाएगा, जो सामाजिक एवं धार्मिक आयोजनों के लिए निःशुल्क उपलब्ध रहेगा। इसके साथ ही जी.ई. रोड से चौक तक भव्य परशुराम द्वार, पावर हाउस चौक के पास सर्वसुविधायुक्त यात्री प्रतीक्षालय और परशुराम द्वार से चौक तक पहुंच मार्ग के निर्माण कार्य की भी शुरुआत की गई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पांडे ने की, जबकि मुख्य वक्ता के रूप में रामबालक दास जी महाराज ने भगवान परशुराम के जीवन और आदर्शों पर प्रेरणादायक उद्बोधन दिया। उन्होंने समाज को धर्म, संस्कृति और नैतिक मूल्यों के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।

आयोजक एवं परशुराम सेवा समिति के अध्यक्ष पीयूष मिश्रा ने बताया कि पूर्व में “कैनाल रोड” के नाम से प्रसिद्ध मार्ग को अब “परशुराम मार्ग” के रूप में शासकीय अभिलेखों में दर्ज कराया जाएगा। उन्होंने इस पहल के लिए निगम प्रशासन और प्रेम प्रकाश पांडे के प्रति आभार जताया।
कार्यक्रम में प्रभुनाथ मिश्रा सहित अन्य वक्ताओं ने समाज को एकजुट रहने और शिक्षा व जागरूकता पर बल दिया। वहीं, सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत भजन संध्या का आयोजन भी हुआ, जिसका श्रद्धालुओं ने देर रात तक आनंद लिया।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में ब्राह्मण समाज के लोग एवं सनातन धर्म में आस्था रखने वाले श्रद्धालु उपस्थित रहे।




































