BILASPUR NEWS. छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ गुरुद्वारे के एक रागी ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक का दुरुपयोग कर एक प्रतिष्ठित कारोबारी की पत्नी और बेटी की अश्लील तस्वीरें बनाईं। आरोपी ने इन तस्वीरों के जरिए परिवार को ब्लैकमेल कर अब तक 20 लाख रुपये वसूल लिए हैं और अब 20 करोड़ रुपये की फिरौती मांग रहा है। आरोपी फिलहाल फरार है और पुलिस उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी मनिंदर सिंह मूल रूप से अमृतसर का रहने वाला है और बिलासपुर के सिविल लाइन क्षेत्र स्थित एक गुरुद्वारे में रागी (कीर्तन गायक) के तौर पर कार्यरत था। उसने पड़ोस में रहने वाले एक कारोबारी परिवार से मेलजोल बढ़ाया और उनकी 18 वर्षीय बेटी को ‘शब्द-कीर्तन’ सिखाने के बहाने घर में पैठ बना ली।

कर्ज से शुरू हुआ ब्लैकमेलिंग का खेल
शुरुआत में मनिंदर ने परिवार से छोटे-छोटे कर्ज के नाम पर 5-10 हजार रुपये लेना शुरू किया। जब परिवार ने और पैसे देने से मना किया, तो उसने असली रंग दिखाना शुरू कर दिया। आरोपी ने कीर्तन के दौरान ली गई सामान्य तस्वीरों को AI तकनीक से अश्लील फोटो और वीडियो में तब्दील कर दिया और उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देने लगा। बदनामी के डर से पीड़ित परिवार ने किस्तों में उसे करीब 20 लाख रुपये दे दिए।

रायपुर तक किया पीछा
आरोपी की बढ़ती मांग और धमकियों से परेशान होकर परिवार ने 16 मार्च 2026 को बिलासपुर छोड़ दिया और रायपुर स्थित अपने मायके में शरण ली। लेकिन आरोपी वहां भी पहुंच गया। वह हाथ में तलवार लेकर रायपुर के तेलीबांधा स्थित उनके घर में घुस गया और पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी दी। उस समय पीड़ित के पति ने हाथ-पैर जोड़कर और तत्काल 2 लाख रुपये देकर अपनी जान बचाई।

पुलिसिया कार्रवाई और कानूनी धाराएं
तंग आकर परिवार ने रायपुर के तेलीबांधा थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसे बाद में बिलासपुर के सिविल लाइन थाने में ट्रांसफर कर दिया गया। पुलिस ने आरोपी मनिंदर सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) कीधारा 308(2): जबरन वसूली (Extortion) धारा 351(2) और 351(3): आपराधिक धमकी धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

अमृतसर से दे रहा है धमकी, पुलिस टीम रवाना
शिकायत के बाद गुरुद्वारा कमेटी ने आरोपी को बाहर निकाल दिया है। फिलहाल मनिंदर अमृतसर भाग गया है, जहाँ से वह लगातार फोन पर परिवार को धमका रहा है। सिविल लाइन थाना प्रभारी (TI) एस.आर. साहू ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है और जल्द ही उसे हिरासत में लिया जाएगा।




































