RAIPUR NEWS. प्रदेश में 1 अप्रैल से हाईवे पर सफर करना महंगा हो जाएगा। National Highways Authority of India (NHAI) ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए टोल दरों में संशोधन करते हुए नई दरें जारी कर दी हैं। इसके तहत टोल शुल्क में 5 से 20 रुपए तक की बढ़ोतरी की गई है, जिससे रोजाना सफर करने वाले वाहन चालकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। नई व्यवस्था के अनुसार, अब हर टोल प्लाजा पार करने पर कम से कम 5 रुपए अधिक चुकाने होंगे।

इसके साथ ही मासिक और वार्षिक फास्टैग पास भी 75 रुपए महंगा कर दिया गया है। कार के लिए बनने वाला सालाना पास, जो अभी 3000 रुपए में मिलता है, अब 3075 रुपए में उपलब्ध होगा। टोल व्यवस्था में बड़ा बदलाव करते हुए कैश लेन सिस्टम को पूरी तरह खत्म किया जा रहा है। अब बिना फास्टैग या यूपीआई के भुगतान के टोल पार करना संभव नहीं होगा।

वहीं यूपीआई से भुगतान करने पर 1.25 प्रतिशत अतिरिक्त शुल्क भी देना होगा। इससे डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के साथ नकद लेनदेन को समाप्त करने की दिशा में कदम उठाया गया है। प्रदेश के रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, महासमुंद, धमतरी और बिलासपुर सहित सभी प्रमुख टोल प्लाजा पर नई दरें एक साथ लागू की जाएंगी। बिलासपुर जिले के भोजपुरी, मुढ़ीपार, पाराघाट और बगदेवा टोल प्लाजा से प्रतिदिन गुजरने वाले करीब एक लाख वाहन चालकों पर इसका सीधा असर देखने को मिलेगा।

मंदिर हसौद टोल प्लाजा पर नई दरें जुलाई से और ठाकुर टोला टोल प्लाजा पर सितंबर से लागू होंगी। तब तक इन स्थानों पर पुरानी दरें ही प्रभावी रहेंगी। राहत की बात यह है कि स्थानीय पासधारकों को फिलहाल पुराने शुल्क पर ही यात्रा की अनुमति दी गई है। सड़क परिवहन मंत्रालय के अधिकारियों के अनुसार, टोल दरों में यह बढ़ोतरी वार्षिक समीक्षा प्रक्रिया का हिस्सा है। फास्टैग पास की शुरुआत के समय ही हर वर्ष दरों में संशोधन का प्रावधान रखा गया था। इसी तय फॉर्मूले के तहत इस बार लगभग 2.5 प्रतिशत की वृद्धि की गई है।

जानिए कितना लगेगा टैक्स
टोल प्लाजा कार (₹) बस (₹) ट्रक (₹)
दुर्ग बायपास 80 235 470
छुईपाली 135 460 875
ठाक 185 600 1160
जगतरा 50 170 325
मुढ़ीपार 50 170 325
भोजपुरी 105 370 685
कुम्हारी 25 85 120
तरपोंगी 100 340 645
लिंधा 115 390 745
झलमला 75 250 475
मदनपुर 50 175 335



































