BILASPUR NEWS. खेल प्रतिभाओं को तराशने के लिए बनाए गए रेलवे के बॉक्सिंग रिंग में आयोजित एक जन्मदिन पार्टी अब 12 रेल कर्मचारियों के लिए मुश्किल बन गई है। खेल परिसर में शराब और नॉनवेज पार्टी की तस्वीरें सामने आने के बाद मामला इतना बढ़ा कि South East Central Railway (SECR) प्रशासन को सख्त कार्रवाई करनी पड़ी।

छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट की फटकार और स्वतः संज्ञान के बाद रेलवे ने अदालत में शपथपत्र पेश कर बताया कि इस मामले में शामिल 12 कर्मचारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। कई कर्मचारियों के वेतन में कटौती की गई है और कुछ को चार्जशीट जारी की गई है।

खेल परिसर में मनाई गई थी शराब पार्टी
मामला बीते वर्ष 25 जून का है। रेलवे के स्पोर्ट्स सेल इंचार्ज श्रीकांत पाढ़ी ने अपने सहयोगी कोच देवेंद्र यादव के जन्मदिन के मौके पर बिलासपुर स्थित रेलवे बॉक्सिंग क्लब में पार्टी आयोजित की थी।
बताया जाता है कि खेल परिसर के अंदर ही मछली और चिकन पकाया गया और शराब भी परोसी गई। पार्टी की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही मामला सुर्खियों में आ गया और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे।

कोर्ट ने माना गंभीर कदाचार
मीडिया रिपोर्ट्स सामने आने के बाद चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा की अगुवाई वाली पीठ ने मामले को गंभीर मानते हुए स्वतः संज्ञान लिया था। अदालत ने टिप्पणी की थी कि यदि समय रहते मामला सामने नहीं आता तो यह गंभीर अनुशासनहीनता दब सकती थी।

12 कर्मचारियों पर गिरी कार्रवाई की गाज
रेलवे की जांच रिपोर्ट के अनुसार कुल 12 अधिकारी-कर्मचारी दोषी पाए गए। स्पोर्ट्स सेल सचिव श्रीकांत पाढ़ी और तकनीशियन-1 वाय. नागू राव को मेजर पेनल्टी चार्जशीट जारी।
10 अन्य कर्मचारियों को माइनर चार्जशीट दी गई। 7 कर्मचारियों को खेल गतिविधियों और स्पोर्ट्स असाइनमेंट से तत्काल हटा दिया गया। कुछ कर्मचारियों के वेतनमान में कटौती भी की गई है।

कोर्ट ने याचिका की निराकृत
रेलवे प्रशासन द्वारा की गई कार्रवाई और भविष्य में ऐसी घटनाएं रोकने के आश्वासन के बाद Chhattisgarh High Court की डिवीजन बेंच ने संतोष जताते हुए इस जनहित याचिका को निराकृत कर दिया।
खेल परिसर में हुई एक ‘जन्मदिन पार्टी’ ने रेलवे प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए और आखिरकार कोर्ट की सख्ती के बाद कार्रवाई की नौबत आ गई।




































