RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ सरकार ने वर्ष 2026-27 की नई आबकारी नीति में अहम बदलाव करते हुए राज्य के तीन पारंपरिक ड्राई डे समाप्त कर दिए हैं। इस फैसले के बाद इस बार होली पर शराब दुकानें खुली रहेंगी। सरकार ने होली, मुहर्रम और 30 जनवरी (महात्मा गांधी निर्वाण दिवस) को ड्राई डे की सूची से हटा दिया है।

अब तक इन तीनों अवसरों पर राज्यभर में शराब बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध रहता था। विशेषकर होली के दिन दुकानें पूरी तरह बंद रहती थीं और पुलिस प्रशासन अवैध शराब की बिक्री रोकने के लिए विशेष अभियान चलाता था। नई व्यवस्था लागू होने के बाद इन तिथियों पर शराब की वैध बिक्री की अनुमति रहेगी।

सरकार का तर्क है कि इस निर्णय से अवैध शराब की बिक्री पर नियंत्रण लगेगा और राज्य के राजस्व में वृद्धि होगी। लंबे समय से इस विषय पर मंथन चल रहा था, जिसके बाद आबकारी नीति में संशोधन किया गया।

सात में से तीन ड्राई डे समाप्त
नई नीति के तहत पहले से निर्धारित सात ड्राई डे में से तीन को हटा दिया गया है। अब राज्य में केवल चार दिन ही शराब दुकानें बंद रहेंगी।
अब इन चार दिनों पर रहेगा ड्राई डे:
26 जनवरी (गणतंत्र दिवस)
15 अगस्त (स्वतंत्रता दिवस)
2 अक्टूबर (गांधी जयंती)
18 दिसंबर (गुरु घासीदास जयंती)

नई आबकारी नीति के इस फैसले से बाजार व्यवस्था में बदलाव देखने को मिलेगा और त्योहारों के दौरान शराब दुकानों के संचालन को लेकर पूर्व की स्थिति में परिवर्तन आएगा।



































