JASHPUR NEWS. छत्तीसगढ़ के जशपुर में खाने की बात पर हुए विवाद में एक बेटे ने अपनी ही मां की पीट-पीटकर हत्या कर दी। आरोपी शराब के नशे में दोस्तों के साथ घर पहुंचा था। उसने मां से खाना मांगा तो मां ने दिन का खाना रखे होने की बात कहते हुए उसे निकालकर खाने को कहा। इसी बात पर वह इतना नाराज हुआ कि चूल्हे के पास पड़ी अधजली लकड़ी उठाकर मां पर हमला कर दिया। उसने मां के हाथ, पैर और पीठ पर कई वार किए। मां को बचाने आई बहन को भी आरोपी ने नहीं बख्शा और उसकी भी पिटाई कर दी। गंभीर रूप से घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के गढ़ाटोली की है। पुलिस के मुताबिक, मृतका के पति सुरेंद्र मिंज 7 नवंबर की शाम डोडकाचौरा में एक निर्माणाधीन मकान की रखवाली करने गए थे। घर पर उनकी पत्नी और बच्चे मौजूद थे। रात करीब 11 से 12 बजे के बीच बड़ा बेटा रोशन मिंज उर्फ जिंदल (22) अपने दोस्तों के साथ शराब पीकर घर पहुंचा। घर आते ही उसने खाना मांगा। मां ने दिन का खाना रखा होने की बात कहते हुए उसे निकालकर खाने को कहा। इसी बात पर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।

विवाद बढ़ने पर आरोपी ने चूल्हे के पास पड़ी अधजली लकड़ी उठा ली और मां पर ताबड़तोड़ वार करने लगा। उसने महिला के हाथ, पैर और पीठ पर कई चोटें पहुंचाईं। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ी। इस दौरान घर में सो रही आरोपी की बहन मां की आवाज सुनकर बचाने पहुंची। आरोपी ने उस पर भी डंडे से हमला कर दिया। इसके बाद छोटे भाई को भी खाना नहीं बचाने की बात पर धमकाया और मौके से फरार हो गया।

अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम
घटना के बाद घर में मौजूद बच्चों ने एंबुलेंस की मदद से घायल महिला को जिला अस्पताल जशपुर पहुंचाया। वहां उनका इलाज शुरू किया गया। 8 नवंबर की सुबह करीब 7 बजे पति सुरेंद्र मिंज को परिचित के माध्यम से घटना की जानकारी मिली। वह अस्पताल पहुंचे और पत्नी से घटना के बारे में जानकारी ली। इसके बाद वह बेटी की दवाई लेने घर चले गए। अस्पताल लौटने पर उन्हें पत्नी की इलाज के दौरान मौत होने की जानकारी मिली। पति की रिपोर्ट पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। जांच के दौरान हत्या का मामला दर्ज किया गया।

बीकॉम प्रथम वर्ष का छात्र है आरोपी
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी रोशन मिंज उर्फ जिंदल शासकीय नवीन महाविद्यालय मनोरा में बीकॉम प्रथम वर्ष का छात्र है। वह मनोरा के पोस्ट मैट्रिक छात्रावास में रहता है और 2-3 नवंबर को अपने घर गढ़ाटोली आया था। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में उसने शराब पीकर घर आने और खाने की बात पर मां से विवाद होने के बाद अधजली लकड़ी से हमला करने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल लकड़ी का डंडा जब्त किया गया। एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे को गिरफ्तार किया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।





































