JASHPUR NEWS. छत्तीसगढ़ में अब नदी का बहाव ही खेतों की सिंचाई के लिए ऊर्जा बनेगा। किसानों को सिंचाई के लिए न बिजली की जरूरत होगी और न ही डीजल-पेट्रोल की। जशपुर जिले के कांसाबेल विकासखंड के पोंगरो गांव में घुघरी नदी पर ऐसी ही अनोखी सिंचाई परियोजना तैयार की गई है। नदी के बहते पानी से टरबाइन पंप चलाकर खेतों तक सिंचाई का पानी पहुंचाया जा रहा है। सरगुजा संभाग की अपनी तरह की इस पहली परियोजना से करीब 135 किसान परिवारों को फायदा मिलेगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंगलवार को परियोजना का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पंपिंग सिस्टम की कार्यप्रणाली, सिंचाई क्षमता और किसानों को मिलने वाले लाभों की जानकारी ली।

मुख्यमंत्री ने कहा कि खेती की समृद्धि के लिए सिंचाई सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकता है। पोंगरो की परियोजना इसका उदाहरण है कि आधुनिक तकनीक और प्राकृतिक संसाधनों का इस्तेमाल कर किसानों की समस्याओं का स्थायी समाधान निकाला जा सकता है। इससे किसानों को बिजली और डीजल पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा और खेती की लागत कम करने में मदद मिलेगी। इस परियोजना की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें पानी को खेतों तक पहुंचाने के लिए किसी बाहरी ऊर्जा स्रोत की जरूरत नहीं पड़ती। घुघरी नदी के बहते पानी की ऊर्जा से टरबाइन पंप संचालित होता है।

इसके लिए पहले से बने एनीकट से करीब 100 मीटर नीचे प्लेटफॉर्म तैयार कर टरबाइन पंप लगाया गया है। यह पंप नदी तल से लगभग 12 मीटर ऊंचाई पर स्थित और 200 मीटर दूर बनी वितरण टंकी तक पानी पहुंचाता है। पंप की अधिकतम क्षमता 17 लीटर प्रति सेकंड पानी पहुंचाने की है। वितरण टंकी से पक्की सिंचाई नहरों और नालियों के जरिए खेतों तक पानी पहुंचाया जाता है। इस व्यवस्था में बिजली, डीजल, पेट्रोल या सौर ऊर्जा की जरूरत नहीं होती। इससे पारंपरिक ईंधन की खपत और कार्बन उत्सर्जन भी नहीं होगा। परियोजना को हरित ऊर्जा और टिकाऊ खेती की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

2.68 करोड़ की लागत, 80 एकड़ खेतों को मिलेगा पानी
करीब 2 करोड़ 68 लाख रुपए की लागत से तैयार इस परियोजना से क्षेत्र के लगभग 135 किसान परिवार सीधे लाभान्वित होंगे। इसके माध्यम से करीब 80 एकड़ कृषि भूमि में सिंचाई की सुविधा मिलेगी।इसका लाभ रबी और ग्रीष्मकालीन फसलों की खेती में मिलेगा। अब किसानों को केवल मानसून की बारिश पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। सिंचाई की सुविधा मिलने से अतिरिक्त फसल लेने और कृषि उत्पादन बढ़ाने के अवसर भी मिलेंगे।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रदेश के जल संसाधनों का बेहतर उपयोग कर किसानों को सालभर खेती के अवसर उपलब्ध कराना सरकार का संकल्प है। पोंगरो की परियोजना दूसरे क्षेत्रों के लिए भी प्रेरक मॉडल बन सकती है। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री की पत्नी कौशल्या साय, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।




































