NEW DELHI NEWS. असम के कामरूप जिले में बुधवार सुबह बड़ा रेल हादसा हो गया। डिगारू रेलवे स्टेशन पर कोलकाता-सैरंग एक्सप्रेस (13125) का इंजन और पांच डिब्बे पटरी से उतर गए। हादसा सुबह करीब 6:54 बजे हुआ। स्थानीय लोगों के मुताबिक, दुर्घटना में करीब 50 यात्री घायल हुए हैं। हालांकि, पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (NFR) ने सभी यात्रियों के सुरक्षित होने की बात कही है। रेलवे के मुताबिक, हादसा उस समय हुआ, जब ट्रेन को डिगारू स्टेशन पर दूसरी लाइन पर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान ट्रेन की रफ्तार कम नहीं हो सकी और वह दूसरी लाइन पर लगे बैरिकेड्स से टकरा गई। टक्कर के बाद इंजन समेत पांच डिब्बे पटरी से उतर गए।

हादसे के बाद ट्रेन के लोको पायलट केबिन का करीब 45 सेकेंड का वीडियो सामने आया है। इसमें इंजन का कंट्रोल पैनल, डिजिटल डिस्प्ले, स्विच और दूसरे उपकरण दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में लोको पायलट की आवाज भी सुनाई दे रही है। वह कहते सुनाई दे रहे हैं कि कुछ भी काम नहीं कर रहा है। सिग्नल फेल है और इमरजेंसी सिस्टम भी काम नहीं कर रहा। एस9 और ए9 भी काम नहीं कर रहे हैं।

हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारी, कर्मचारी और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे। ट्रेन में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की गई। रेलवे ने यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए दूसरी ट्रेन की व्यवस्था भी की है।

असम में अक्टूबर महीने में भी रेल हादसा हुआ था। 29 अक्टूबर को लुमडिंग-बदरपुर पहाड़ी रेलखंड पर सिलचर-गुवाहाटी एक्सप्रेस के इंजन की आगे की ट्रॉली पटरी से उतर गई थी। घटना बदरपुर और सुकरितिपुर स्टेशनों के बीच सुबह करीब 8:50 बजे हुई थी। हालांकि, इस हादसे में किसी यात्री के घायल होने या मौत की खबर नहीं थी।

इससे पहले असम के होजाई जिले में सैरंग-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस हाथियों के झुंड से टकरा गई थी। इस दुर्घटना में सात हाथियों की मौत हो गई थी, जबकि एक हाथी का बच्चा घायल हुआ था। टक्कर के बाद ट्रेन का इंजन और पांच डिब्बे भी पटरी से उतर गए थे।

































