JASHPUR NEWS. छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। बगीचा-बतौली स्टेट हाईवे पर मैनी चौक के पास अज्ञात वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार माता-पिता और उनके बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है, वहीं हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

मिली जानकारी के अनुसार, घटना बगीचा थाना क्षेत्र के मैनी चौक के पास की है। एक ही परिवार के तीन सदस्य बाइक से सरडीह गांव में अपने रिश्तेदार के घर गए थे। वहां से वे अपने गांव सामरबार लौट रहे थे। इसी दौरान बगीचा-बतौली स्टेट हाईवे पर एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। हादसे में माता-पिता और उनके बेटे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद आरोपी वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने शुरू की जांच, फरार चालक की तलाश जारी
हादसे की सूचना मिलते ही बगीचा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस फरार वाहन और उसके चालक का पता लगाने में जुटी है। फिलहाल हादसे के कारणों और टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान को लेकर जांच की जा रही है। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।




































