RAIPUR NEWS. कांग्रेस नेता आनंदमल कुकरेजा को कथित तौर पर गैंग के नाम पर धमकी देकर 25 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में आरोपी शोएब ढेबर की दोबारा गिरफ्तारी का रास्ता साफ हो गया है। रायपुर के CJM कोर्ट ने पुलिस को शोएब ढेबर को फिर से गिरफ्तार करने की अनुमति दे दी है। पुलिस ने नियमित अदालत में दोबारा गिरफ्तारी की अनुमति के लिए आवेदन किया था, जिसे कोर्ट ने स्वीकार कर लिया। इससे पहले रविवार को रिमांड कोर्ट ने शोएब ढेबर को स्वतंत्र करने की अनुमति दी थी।

बताया गया कि गिरफ्तारी की सूचना परिवार के सही व्यक्ति को नहीं दिए जाने के आधार पर यह आदेश हुआ था। इसके बाद पुलिस ने नियमित अदालत में दोबारा गिरफ्तारी की अनुमति मांगी। मामला रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक, 14 सितंबर को आनंदमल कुकरेजा के मोबाइल पर विदेशी नंबर से WhatsApp के जरिए धमकी भरे संदेश भेजे गए थे।

संदेश भेजने वाले ने कथित तौर पर खुद को अमन साहू गैंग से जुड़ा बताया और 25 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी। साथ ही प्रार्थी, उसके बेटे और परिवार के अन्य सदस्यों को जान से मारने की धमकी देने की बात सामने आई थी। मामले की शिकायत के बाद तेलीबांधा थाने में अपराध दर्ज किया गया। इसके बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और तेलीबांधा पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई।

जांच के दौरान पुलिस ने रविवार को शोएब ढेबर को पकड़ा था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के कब्जे से घटना से संबंधित पांच आईफोन जब्त किए गए हैं, जिनकी कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई गई है। इसके बाद आरोपी को रिमांड कोर्ट में पेश किया गया था। वहां से उसे स्वतंत्र करने की अनुमति मिलने के बाद पुलिस ने दोबारा गिरफ्तारी के लिए नियमित अदालत का रुख किया।

अब पुलिस कर रही तलाश
पुलिस ने मंगलवार को नियमित अदालत के सामने दोबारा गिरफ्तारी की अनुमति के लिए आवेदन किया था। कोर्ट से अनुमति मिलने के बाद अब शोएब ढेबर की फिर से गिरफ्तारी की प्रक्रिया शुरू हो गई है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और उसकी गिरफ्तारी कभी भी की जा सकती है। मामले में धमकी देने के लिए इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबर, तकनीकी साक्ष्य और कथित गैंग कनेक्शन को लेकर पुलिस की जांच जारी है।




































