RAIPUR NEWS. रायपुर में जमीन विवाद को लेकर 4 करोड़ रुपए की कथित रंगदारी मांगने और प्रॉपर्टी डीलर के साथ होटल में मारपीट का मामला सामने आया है। कारोबारी बलिराम धरमानी की शिकायत पर गंज पुलिस ने अनवर ढेबर, कुबेर राठी, संदीप अग्रवाल, कांग्रेस नेता आसिफ मेमन, नागेंद्र पांडेय और विवेक जोशी उर्फ मोंटी के खिलाफ रंगदारी और मारपीट का मामला दर्ज किया है। आरोप है कि जमीन की रजिस्ट्री कराने के नाम पर 4 करोड़ रुपए मांगे गए और रकम देने से इनकार करने पर कारोबारी के साथ मारपीट की गई। फिलहाल किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

पुलिस के मुताबिक, कालीबाड़ी निवासी 62 वर्षीय बलिराम धरमानी प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते हैं। वर्ष 2018 में उन्होंने लाभांडी में बोरड परिवार की 2.60 लाख वर्गफुट जमीन का सौदा किया था। इसमें से 40 हजार वर्गफुट जमीन की रजिस्ट्री उन्होंने अपने नाम कराई थी, जबकि बाकी जमीन का एग्रीमेंट हुआ था। बाद में रजिस्ट्री होनी थी, लेकिन बोरड परिवार के आपसी विवाद के कारण प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी। वर्ष 2022 में कारोबारी संदीप अग्रवाल ने जमीन की रजिस्ट्री कराने का भरोसा दिलाया।

इसके बदले 4 करोड़ रुपए की मांग की गई। दोनों के बीच मौखिक सहमति होने की बात शिकायत में कही गई है। चार साल तक रजिस्ट्री नहीं होने पर बलिराम ने अपने नाम की 40 हजार वर्गफुट जमीन बोरड परिवार को वापस कर दी। इसके बदले जमीन के लिए दी गई रकम और बयाना मिलाकर कुल 3.15 करोड़ रुपए वापस ले लिए। बलिराम का कहना है कि इसके बाद बोरड परिवार के साथ उनका कोई लेन-देन शेष नहीं था।

बैठक में मांगे 4 करोड़, होटल में मारपीट का आरोप
बलिराम के अनुसार, 24 सितंबर को नागेंद्र पांडेय ने फोन कर उन्हें कुबेर राठी से बात करने को कहा। इसके बाद विवेक जोशी ने भी फोन कर मिलने का दबाव बनाया। 26 सितंबर को रहमानिया चौक स्थित आबिद हसन के कार्यालय में बैठक हुई। इसमें कुबेर राठी, संदीप अग्रवाल, नागेंद्र पांडेय और विवेक जोशी समेत अन्य लोग मौजूद थे। शिकायत के मुताबिक, बैठक में उनसे 4 करोड़ रुपए देने की मांग की गई। बलिराम ने संदीप अग्रवाल से जमीन की रजिस्ट्री नहीं होने और अपना कोई बकाया लेन-देन नहीं होने की बात कही। इसके बावजूद उन पर रकम देने का दबाव बनाया गया।

अगले दिन 27 सितंबर को बलिराम अपने मित्रों के साथ जेल रोड स्थित होटल वेलिंगटन पहुंचे। वहां फैमिली केबिन में अनवर ढेबर, कुबेर राठी, संदीप अग्रवाल, आसिफ मेमन, नागेंद्र पांडेय और विवेक जोशी मौजूद थे। जमीन और 4 करोड़ रुपए को लेकर बातचीत के दौरान बलिराम ने रकम देने से इनकार कर दिया। आरोप है कि इसके बाद अनवर ढेबर और कुबेर राठी ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। साथ ही सभी आरोपियों पर कारोबारी और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी देने तथा रायपुर में नहीं रहने देने की बात कहने का आरोप लगाया गया है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
कारोबारी की शिकायत के आधार पर गंज पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ रंगदारी और मारपीट का केस दर्ज किया है। मामले में फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों के आधार पर जांच कर रही है।




































