JHANSI NEWS. झांसी रेलवे स्टेशन और चलती ट्रेनों में यात्रियों के कीमती सामान पर हाथ साफ करने वाले एक गिरोह का जीआरपी ने खुलासा किया है। पुलिस ने गिरोह के 7 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनमें चार पुरुष और तीन महिलाएं शामिल हैं और पुलिस के मुताबिक ये सभी आपस में पति-पत्नी हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपी परिवार की तरह एक साथ ट्रेनों में सफर करते थे, ताकि किसी को उन पर शक न हो। गिरोह गुजरात से झांसी आता था और रेलवे स्टेशन तथा ट्रेनों में मौका देखकर यात्रियों को निशाना बनाता था। आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के जेवर और नकदी बरामद की गई है।
यार्ड के पास घेराबंदी कर पकड़े गए
एसपी जीआरपी विपुल कुमार श्रीवास्तव के मुताबिक, पुलिस को गिरोह के झांसी में सक्रिय होने की सूचना मिली थी। इसके बाद टीम ने झांसी रेलवे स्टेशन यार्ड में माल गोदाम की तरफ बने ग्रुप डी गेस्ट हाउस के पीछे पटरी के पास घेराबंदी की।
पुलिस ने मौके से सातों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान पुलिस को गिरोह के काम करने के तरीके और उनके गुजरात से झांसी आने की जानकारी मिली।अब जीआरपी यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों ने झांसी के अलावा दूसरे रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में भी कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।
सो रहे यात्रियों को बनाते थे निशाना
पुलिस के मुताबिक, गिरोह यात्रियों की लापरवाही का फायदा उठाता था। प्लेटफॉर्म या चलती ट्रेन में जैसे ही कोई यात्री सोता था, आरोपी उसके आसपास रहकर सामान पर नजर रखने लगते थे। मौका मिलते ही मोबाइल, पर्स, नकदी और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया जाता था। गिरोह में महिलाओं के शामिल होने से उन्हें भीड़भाड़ वाले रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में यात्रियों के बीच आसानी से घुलने-मिलने में मदद मिलती थी।
गुजरात के भावनगर के रहने वाले हैं आरोपी
जीआरपी के अनुसार, गिरफ्तार किए गए सभी सात आरोपी गुजरात के भावनगर जिले के पालीताना क्षेत्र के रहने वाले हैं। गिरफ्तार आरोपियों में कृष्णा अमर भाई (20), अमर भाई (45), मनोज भाई (45), सोलंकी अमित दिलीप भाई (34), संगीता (42), ज्योति (42) और ऊषा (32) शामिल हैं।
दो मामलों में दर्ज है मुकदमा
जीआरपी के मुताबिक, आरोपियों के खिलाफ झांसी जीआरपी थाने में चोरी से संबंधित दो मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब दूसरे थानों में भी इनके खिलाफ दर्ज मामलों का रिकॉर्ड खंगाल रही है। जांच में यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि गिरोह सिर्फ झांसी में वारदात करता था या दूसरे शहरों के रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में भी यात्रियों को निशाना बनाता था।
जेवर और 5 हजार रुपये नकद बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो कंगन, एक मंगलसूत्र और एक जोड़ा अंगूठी बरामद की है। इसके अलावा करीब 5 हजार रुपये नकद भी मिले हैं। जीआरपी अब बरामद जेवरों को दर्ज चोरी के मामलों से जोड़कर जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद सामान किन यात्रियों का है।
दूसरे मामलों की भी जांच में जुटी जीआरपी
आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है। पुलिस यह पता कर रही है कि गुजरात से आने वाला यह गिरोह झांसी रेलवे स्टेशन तक ही सीमित था या देश के दूसरे रेलवे स्टेशनों पर भी सक्रिय था। पूछताछ के आधार पर पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और चोरी की दूसरी घटनाओं के बारे में जानकारी जुटा रही है।
इन पुलिसकर्मियों ने की कार्रवाई
गिरफ्तारी की कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक लल्लू राम के नेतृत्व में की गई। टीम में उपनिरीक्षक रामप्रताप सिंह चंदेल, उपनिरीक्षक अखिलेश राय, महिला उपनिरीक्षक स्वाती शुक्ला, कांस्टेबल आशू, नरेंद्र सिंह, योगेंद्र सिंह, महिला कांस्टेबल ममता दिवाकर और प्रियंका शामिल रहीं।




































