RAIPUR NEWS. रायपुर में कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा से कथित तौर पर 25 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगने के मामले में आरोपी शोएब ढेबर की मुश्किलें बढ़ गई हैं। रायपुर पुलिस ने उसे अब फरार घोषित कर दिया है। सेंट्रल जोन DCP ने शोएब ढेबर के खिलाफ यह कार्रवाई की है। पुलिस ने शोएब ढेबर की जानकारी देने वाले व्यक्ति के लिए 5 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया है। पुलिस के मुताबिक, जो भी व्यक्ति आरोपी के बारे में ऐसी जानकारी देगा, जिससे उसकी गिरफ्तारी में मदद मिलेगी, उसे इनाम दिया जाएगा।

25 करोड़ की रंगदारी मामले में आरोपी है शोएब
शोएब ढेबर पर कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा से 25 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगने का आरोप है। मामले में लॉरेंस गैंग के नाम पर धमकी देकर रकम वसूलने की कोशिश किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, 14 सितंबर को आनंद कुकरेजा को विदेशी नंबर से WhatsApp के जरिए धमकी भरा मैसेज भेजा गया था। इसमें कथित तौर पर 25 करोड़ रुपए की मांग की गई थी। रकम नहीं देने पर कुकरेजा और उनके परिवार को धमकी दिए जाने की बात भी सामने आई थी। जांच के दौरान शोएब ढेबर की भूमिका सामने आने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था। बाद में उसे छोड़ना पड़ा। इसके बाद पुलिस ने अदालत से उसकी दोबारा गिरफ्तारी की अनुमति हासिल की।

कई ठिकानों पर पुलिस ने दी दबिश
दोबारा गिरफ्तारी की अनुमति मिलने के बाद रायपुर पुलिस ने शोएब ढेबर की तलाश तेज कर दी। पुलिस ने उसके पाम बेलाजिओ स्थित ठिकाने, बैरन बाजार के पारिवारिक आवास समेत करीब आधा दर्जन संभावित ठिकानों पर दबिश दी। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही शोएब वहां से फरार हो चुका था। पुलिस को अब उसके दूसरे राज्य में जाने की भी आशंका है। इसके चलते अलग-अलग संभावित ठिकानों और उसके संपर्कों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस की दबिश से पहले कैसे भागा शोएब?
शोएब के पुलिस कार्रवाई से पहले फरार होने के बाद अब पुलिस के सामने एक और सवाल खड़ा हो गया है। आशंका जताई जा रही है कि उसे पुलिस की कार्रवाई की जानकारी पहले ही मिल गई थी।

इसी मामले में पुलिस विभाग ने अपने एक आरक्षक के खिलाफ भी कार्रवाई की है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट में तैनात आरक्षक शिवम द्विवेदी को DCP क्राइम ने लाइन अटैच किया है। उस पर पुलिस की दबिश से जुड़ी गोपनीय जानकारी लीक होने में लापरवाही बरतने का आरोप है। हालांकि, इस कार्रवाई की आधिकारिक पुष्टि अभी पुलिस अधिकारियों की ओर से नहीं की गई है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दबिश से जुड़ी गोपनीय जानकारी किस स्तर से बाहर गई और आरोपी तक कैसे पहुंची।
शोएब ढेबर की तलाश तेज
शोएब ढेबर को फरार घोषित किए जाने और उस पर 5 हजार रुपए का इनाम घोषित होने के बाद पुलिस ने उसकी तलाश और तेज कर दी है। पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों के साथ-साथ दूसरे राज्यों में भी उसके संभावित ठिकानों की जानकारी जुटा रही हैं।





































