LUCKNOW NEWS. बहुजन समाज पार्टी (BSP) की राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक में मायावती ने अपने छोटे भतीजे ईशान आनंद को पार्टी का राष्ट्रीय संयोजक (नेशनल कोऑर्डिनेटर) बनाने का ऐलान किया है। बुधवार को लखनऊ में हुई बैठक में संगठन से जुड़े कई फैसलों के साथ ईशान की नई जिम्मेदारी पर भी मुहर लगी। बैठक से पहले ईशान आनंद मायावती के पैर छूकर उनका आशीर्वाद लेते नजर आए। इसके बाद उनकी नई भूमिका को लेकर चर्चा तेज हो गई थी। अब मायावती ने आधिकारिक तौर पर उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर संगठन की जिम्मेदारी सौंप दी है।

ईशान आनंद को पार्टी के संगठनात्मक कामकाज को समझने के लिए वरिष्ठ नेताओं राजाराम और रामजी गौतम के साथ काम करने की जिम्मेदारी दी गई है। इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, संगठनात्मक ढांचे में ईशान का इन दोनों नेताओं के साथ सीधे समन्वय रहेगा। ईशान को इससे पहले भी पार्टी संगठन में जिम्मेदारी दी गई थी, लेकिन बाद में मायावती ने उन्हें उस पद से हटा दिया था। अब 23 सितंबर की राष्ट्रीय बैठक में उन्हें फिर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है।

बसपा की यह बैठक ऐसे समय हुई है जब पार्टी उत्तर प्रदेश समेत आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों में जुटी है। बैठक में संगठन को मजबूत करने और चुनावी तैयारियों को लेकर भी चर्चा हुई। ईशान आनंद, मायावती के भाई आनंद कुमार के छोटे बेटे हैं। पिछले कुछ हफ्तों में बसपा में परिवार से जुड़े नेताओं की भूमिका को लेकर कई बड़े संगठनात्मक बदलाव हुए हैं।

आकाश आनंद को पहले पार्टी की राष्ट्रीय जिम्मेदारियों से हटाया गया और बाद में पार्टी से निष्कासित कर दिया गया था। इसके बाद मायावती ने ईशान को पार्टी में जिम्मेदारी देने का फैसला किया।






































