LUCKNOW NEWS. बहुजन समाज पार्टी में आकाश आनंद की एक बार फिर वापसी हो गई है। पार्टी प्रमुख मायावती ने उन्हें दोबारा राष्ट्रीय संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी है। मायावती ने कहा कि यह फैसला पार्टी और बहुजन आंदोलन के हित में काफी विचार-विमर्श के बाद लिया गया है। इससे पहले सितंबर 2026 में मायावती ने आकाश आनंद को पार्टी की सभी जिम्मेदारियों से मुक्त कर दिया था। इसके बाद उनके छोटे भाई ईशान आनंद को राष्ट्रीय संयोजक की जिम्मेदारी दी गई थी।
2 अक्टूबर को आकाश आनंद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर मायावती से सार्वजनिक रूप से माफी मांगी थी। उन्होंने BSP में दोबारा काम करने का मौका देने की अपील करते हुए मायावती को अपना राजनीतिक गुरु बताया था। आकाश ने कहा था कि BSP उनके लिए सिर्फ एक राजनीतिक पार्टी नहीं, बल्कि परिवार है।
मायावती ने क्यों की आकाश आनंद की वापसी?
मायावती ने अपने बयान में कहा कि उनका निजी परिवार ही नहीं, बल्कि पूरा बहुजन समाज उनका विराट परिवार है। बहुजन समाज का हित और कल्याण उनके लिए हमेशा सर्वोपरि रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी में अनुशासन बनाए रखने के लिए उन्होंने पिछले दिनों कई सख्त फैसले लिए हैं। उनके मुताबिक, इन फैसलों में उनके अपने भाई-बहन और परिवार के लोग भी अपवाद नहीं रहे हैं।
मायावती ने कहा कि आकाश आनंद का व्यक्तित्व पार्टी में काफी हद तक ठीक रहा है, लेकिन पिछले कुछ समय में कुछ ऐसे कारण सामने आए, जिनकी वजह से संगठन में कई जरूरी बदलाव करने पड़े। इसी क्रम में आकाश आनंद के ससुर अशोक सिद्धार्थ को भी राजनीति से संन्यास लेना पड़ा। मायावती के मुताबिक, इसके बाद आकाश आनंद के व्यक्तित्व और कार्यशैली में भी बदलाव देखने को मिला। BSP में वापसी के लिए सोशल मीडिया पर उनका हालिया पोस्ट भी इसका एक उदाहरण रहा।
परिवार की सहमति के बाद लिया फैसला
मायावती ने बताया कि पार्टी के अधिकांश लोगों की राय थी कि आकाश आनंद के अनुरोध को स्वीकार करते हुए उन्हें पहले की जिम्मेदारियों के साथ दोबारा काम करने का मौका दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि आकाश आनंद के पिता आनंद कुमार और उनके छोटे भाई ईशान आनंद ने भी इस फैसले पर सहमति जताई है। मायावती ने बताया कि ईशान आनंद ने अपनी मिशनरी भावना का परिचय देते हुए कहा है कि वह बिना किसी पद के भी पार्टी में मायावती के दिशा-निर्देशन में मिलने वाली जिम्मेदारियों को पूरी ईमानदारी और निष्ठा से निभाएंगे।
आकाश आनंद के सामने अब बड़ी जिम्मेदारी
मायावती ने कहा कि पार्टी और आंदोलन के हित को ध्यान में रखते हुए आकाश आनंद को फिर से BSP का राष्ट्रीय संयोजक बनाया जा रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अब पार्टी में कामकाज सुचारू रूप से चलेगा और संगठन में बार-बार बदलाव करने की जरूरत नहीं पड़ेगी।हालांकि, मायावती ने यह भी कहा कि आगे पार्टी में सब कुछ ठीक और सुचारू रूप से चलना काफी हद तक आकाश आनंद पर निर्भर करेगा।
मायावती ने आकाश आनंद के साथ उनके छोटे भाई ईशान आनंद और पिता आनंद कुमार को भी अपना प्यार और आशीर्वाद दिया। उन्होंने पिछले दिनों हर परिस्थिति में उनका साथ देने वाले बहुजन समाज के लोगों और अपने शुभचिंतकों का भी आभार जताया।आकाश आनंद की BSP में वापसी के साथ अब पार्टी संगठन में उनकी भूमिका एक बार फिर महत्वपूर्ण हो गई है। राष्ट्रीय संयोजक के तौर पर उनके सामने पार्टी को लेकर आगे की जिम्मेदारियां संभालने की चुनौती होगी।





































