RAIPUR NEWS. कांग्रेस के अभनपुर स्थित प्रशिक्षण शिविर में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की प्रस्तावित मौजूदगी से पहले प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि उनका राजनीतिक रिकॉर्ड देश की जनता के सामने है और उनके नेतृत्व में विभिन्न राज्यों में कांग्रेस के प्रदर्शन को सभी ने देखा है।

मीडिया से चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री साय ने कहा कि कांग्रेस संगठन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से प्रशिक्षण शिविर आयोजित कर रही है, लेकिन राहुल गांधी की भागीदारी से पार्टी को कितना लाभ मिलेगा, इसका आकलन देश के कई राज्यों के चुनावी नतीजों से किया जा सकता है।

उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि राहुल गांधी जहां-जहां सक्रिय रहे हैं, वहां कांग्रेस की स्थिति क्या रही है, यह किसी से छिपा नहीं है। वहीं दूसरी ओर, अभनपुर में कांग्रेस का 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर दूसरे दिन भी जारी रहा। पार्टी का कहना है कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य संगठनात्मक ढांचे को सुदृढ़ करना, जिला स्तर के पदाधिकारियों की क्षमता बढ़ाना और उन्हें राजनीतिक व प्रबंधन संबंधी प्रशिक्षण प्रदान करना है।

कांग्रेस के तय कार्यक्रम के मुताबिक राहुल गांधी रविवार को रायपुर पहुंचेंगे। यहां से वे सीधे प्रशिक्षण शिविर स्थल जाएंगे और जिला अध्यक्षों सहित संगठन के प्रमुख पदाधिकारियों से संवाद करेंगे।

करीब साढ़े पांच घंटे तक चलने वाले इस सत्र में राहुल गांधी संगठन को आगामी राजनीतिक चुनौतियों, जनसंपर्क अभियान और चुनावी तैयारियों को लेकर मार्गदर्शन देंगे। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि यह प्रशिक्षण शिविर संगठन को बूथ स्तर तक अधिक सक्रिय और प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।






































