बेमेतरा। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम उस समय चर्चा का विषय बन गया, जब साजा से भाजपा विधायक ईश्वर साहू पोस्टर और बैनरों में अपना फोटो नहीं देखकर नाराज हो गए। नाराजगी जताते हुए विधायक कार्यक्रम के दौरान मंच छोड़कर चले गए, जिससे कुछ देर के लिए असहज स्थिति बन गई।

जानकारी के अनुसार, जिले में आयोजित योग दिवस कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, बेमेतरा विधायक दीपेश साहू समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद थे। कार्यक्रम स्थल पर लगाए गए पोस्टर और बैनरों में बेमेतरा और नवागढ़ क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों के फोटो शामिल थे, लेकिन साजा विधायक ईश्वर साहू का फोटो नहीं लगाया गया था।

मंच पर पहुंचने के बाद जब विधायक ईश्वर साहू की नजर पोस्टरों पर पड़ी तो उन्होंने नाराजगी जताई और कार्यक्रम बीच में छोड़कर मंच से नीचे उतर गए। उनके इस कदम से कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों के बीच चर्चा शुरू हो गई।

बाद में अधिकारियों और आयोजकों ने विधायक को मनाने का प्रयास किया। काफी समझाइश के बाद वे दोबारा मंच पर लौटे और कार्यक्रम में शामिल हुए।

मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए विधायक ईश्वर साहू ने कहा कि पोस्टर में उनका फोटो नहीं होना उन्हें नीचा दिखाने का प्रयास प्रतीत होता है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराई जाएगी। हालांकि उन्होंने किसी व्यक्ति विशेष को दोषी ठहराने से इनकार करते हुए कहा कि यदि आयोजक चाहते तो कुछ ही घंटों में पोस्टर बदले जा सकते थे।

गौरतलब है कि बेमेतरा जिले में बेमेतरा, नवागढ़ और साजा तीन विधानसभा क्षेत्र आते हैं। ऐसे में जिले के एक प्रमुख जनप्रतिनिधि का फोटो प्रचार सामग्री से गायब होना प्रशासनिक चूक माना जा रहा है। इस घटना के बाद प्रशासनिक समन्वय, प्रोटोकॉल और जनप्रतिनिधियों के प्रति संवेदनशीलता को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस जैसे महत्वपूर्ण सरकरी कार्यक्रम में हुई इस घटना की राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा तेज हो गई है। वहीं, यह सवाल भी उठ रहा है कि जब सभी जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति तय थी, तो प्रचार सामग्री तैयार करते समय साजा विधायक की तस्वीर शामिल क्यों नहीं की गई।





































