RAIPUR NEWS. भाजपा सांसद और फिल्म अभिनेता रवि किशन ने कांग्रेस के दिल्ली प्रदर्शन को लेकर राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। मंगलवार सुबह रायपुर पहुंचे रवि किशन ने एयरपोर्ट पर मीडिया से चर्चा के दौरान आरोप लगाया कि राहुल गांधी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चुनाव में हरा नहीं पा रहे हैं, इसलिए अब लोगों को हाईजैक करने और मारपीट पर उतारू हो गए हैं। उन्होंने कांग्रेस पर देश को पीछे ले जाने की राजनीति करने का आरोप भी लगाया। रवि किशन ने कहा कि कांग्रेस ने 65 साल तक देश का शोषण किया और अब वह भारत को फिर से पीछे ले जाना चाहती है।

रायपुर एयरपोर्ट पर रविकिशन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत का सम्मान वैश्विक स्तर पर बढ़ा है और देश विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। भाजपा सांसद ने विपक्ष पर संसद की कार्यवाही बाधित करने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि प्रदर्शनों के कारण आम लोगों को नौकरी और अन्य जरूरी कामों के लिए आने-जाने में परेशानी हो रही है। उन्होंने कांग्रेस को विकास के मुद्दों पर राजनीति करने और देश के लिए अपना रोडमैप स्पष्ट करने की नसीहत दी।

चुनाव में EVM और वोट चोरी को लेकर कांग्रेस की ओर से लगाए जाने वाले आरोपों पर भी रवि किशन ने सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि जब कांग्रेस चुनाव जीतती है, तब EVM और वोट चोरी का मुद्दा क्यों नहीं उठाती? रवि किशन ने कहा कि भाजपा ऐसे भारत की बात करती है, जहां दंगे न हों, विकास हो और जनता की आवाज सुनी जाए। उन्होंने सड़क जाम करने को आंदोलन का उचित तरीका नहीं बताया और कहा कि विरोध के नाम पर आम लोगों को परेशान नहीं किया जाना चाहिए।

गरबा महोत्सव में शामिल होने बिलासपुर जाएंगे रवि किशन
रवि किशन छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में आयोजित गरबा महोत्सव में विशेष अतिथि के तौर पर शामिल होने पहुंचे हैं। रायपुर एयरपोर्ट पर मीडिया से चर्चा के बाद उनका सीधे बिलासपुर जाने का कार्यक्रम है।






































