BILASPUR NEWS. शहर में अवैध मांस तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। तोरवा थाना पुलिस ने रेलवे स्टेशन के पास कार्रवाई करते हुए ट्रॉली बैग में मांस छिपाकर ले जा रही मां-बेटी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 10 किलोग्राम प्रतिबंधित मांस बरामद किया गया है। पुलिस को आशंका है कि दोनों किसी संगठित गिरोह के लिए ‘कूरियर’ के रूप में काम कर रही थीं।

गुरुवार रात गश्त के दौरान तोरवा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दो महिलाएं संदिग्ध हालत में ट्रॉली बैग लेकर रेलवे स्टेशन से बाहर निकल रही हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रजनीश सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घेराबंदी कर दोनों महिलाओं को हिरासत में ले लिया।

रायपुर से लाई गई थी खेप
पकड़ी गई महिलाओं की पहचान रेहाना परवीन बानो (47 वर्ष) और अलीजा रजा (20 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मगरपारा की निवासी हैं। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि दोनों रायपुर से ट्रेन के जरिए बिलासपुर पहुंची थीं। तलाशी के दौरान ट्रॉली बैग में पॉलीथीन में लिपटा हुआ मांस मिला, जिसे मौके पर मौजूद गवाहों ने प्रतिबंधित मांस बताया।

हंगामे के बाद बढ़ी सख्ती की मांग
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में हिंदू संगठन के सदस्य तोरवा थाने पहुंच गए और विरोध दर्ज कराया। उन्होंने इस अवैध गतिविधि पर सख्त कार्रवाई और इसके पीछे के मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।

पुलिस जांच में जुटी
सिटी कोतवाली के CSP गगन कुमार ने बताया कि सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दोनों महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है। मांस की उत्पत्ति और सप्लाई नेटवर्क की जांच की जा रही है। मामले में अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर इस पूरे नेटवर्क और इसके मास्टरमाइंड तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।



































