BILASPUR NEWS. शहर में साइबर अपराध लगातार बढ़ते जा रहे हैं और ठग नए-नए तरीके अपनाकर लोगों को निशाना बना रहे हैं। ताजा मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है, जहाँ एक युवती को क्रेडिट कार्ड ऑफर का झांसा देकर साइबर ठगों ने 1 लाख 5 हजार रुपये की ठगी कर ली। पुलिस ने मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

लिमिट सेट करने के बहाने लिया OTP
मिली जानकारी के अनुसार, मुंगेली नाका निवासी प्रियंका मिश्रा (26 वर्ष) ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता ने बताया कि 17 मार्च 2026 को उन्हें एक कॉल आया, जिसमें कॉलर ने खुद को HDFC बैंक का अधिकारी “राकेश मित्तल” बताया। आरोपी ने आकर्षक क्रेडिट कार्ड ऑफर का लालच दिया और भरोसा जीतते हुए युवती के मोबाइल में PayZapp ऐप डाउनलोड करवा दिया। इसके बाद क्रेडिट कार्ड लिमिट सेट करने के नाम पर चालाकी से OTP हासिल कर लिया।

दो ट्रांजेक्शन में उड़ा दी रकम
OTP मिलते ही ठगों ने युवती के क्रेडिट कार्ड का एक्सेस हासिल कर लिया और 16-17 मार्च के बीच दो अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 1,05,009 रुपये निकाल लिए। पैसे कटने का मैसेज आने पर पीड़िता को ठगी का एहसास हुआ।

पुलिस ने दर्ज किया मामला
सिविल लाइन पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात मोबाइल नंबर धारकों के खिलाफ धारा 318(4) BNS के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब बैंक खातों और मोबाइल नंबरों की तकनीकी जांच में जुटी है, ताकि आरोपियों तक जल्द पहुंचा जा सके।

लोगों से सतर्क रहने की अपील
पुलिस और साइबर एक्सपर्ट्स ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल या ऑफर पर भरोसा न करें। बैंक कभी भी फोन पर OTP, पासवर्ड या ऐप डाउनलोड करने के लिए नहीं कहता। किसी भी संदिग्ध कॉल या ट्रांजेक्शन की स्थिति में तुरंत साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं।





































