RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ सरकार ने हाल ही में जारी 42 आईएएस और एक आईएफएस अधिकारियों के तबादला आदेश में बड़ा संशोधन किया है। नई सूची के मुताबिक 2012 बैच की आईएएस अधिकारी पुष्पा साहू को अब कोरिया जिले का कलेक्टर नहीं बनाया जाएगा। उनकी नई नियुक्ति माध्यमिक शिक्षा मंडल के सचिव पद पर की गई है।

वहीं 2016 बैच की आईएएस अधिकारी रोक्तिमा यादव को कोरिया जिले का नया कलेक्टर नियुक्त किया गया है। इसके अलावा 2019 बैच की आईएएस अधिकारी रीता यादव को उच्च शिक्षा विभाग का आयुक्त बनाया गया है। साथ ही उन्हें राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान के प्रबंध संचालक का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।

रायपुर नगर निगम को मिला नया कमिश्नर
इधर रायपुर नगर निगम को भी नया आयुक्त मिल गया है। 2018 बैच के आईएएस अधिकारी संबित मिश्रा को नगर निगम आयुक्त की जिम्मेदारी दी गई है। वे सोमवार को औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण करेंगे।

ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर के निवासी संबित मिश्रा ने संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा में देशभर में 51वीं रैंक हासिल कर प्रशासनिक सेवा में जगह बनाई थी। वे इससे पहले रायगढ़ नगर निगम आयुक्त, जशपुर जिला पंचायत CEO और कोरबा जिला पंचायत CEO जैसे महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

बीजापुर कलेक्टर के रूप में उनका कार्यकाल खासा चर्चित रहा। नक्सल प्रभावित इलाकों में पहुंचकर ग्रामीणों से सीधा संवाद करना और मौके पर समस्याओं का समाधान निकालना उनकी कार्यशैली की पहचान रही है। कई बार दूरस्थ गांवों तक पैदल पहुंचने की उनकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुए थे।






































