Mahasamund News : महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक एम्बुलेंस से 77 किलो गांजा बरामद किया है। मामले में पांच तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक पायलटिंग कार और पांच मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 50.45 लाख रुपये बताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, तस्कर ओडिशा से गांजा लेकर छत्तीसगढ़ के रास्ते महाराष्ट्र जा रहे थे। पुलिस से बचने के लिए आरोपियों ने गांजा तस्करी में एम्बुलेंस का इस्तेमाल किया था। एम्बुलेंस के आगे एक पायलट कार चल रही थी, जो रास्ते की निगरानी कर रही थी। दोनों वाहनों के नंबर महाराष्ट्र के बताए जा रहे हैं।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार सभी आरोपी महाराष्ट्र के रहने वाले हैं। आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनसे पूछताछ की जा रही है, ताकि इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचा जा सके।

यह पूरा मामला कोमाखान थाना क्षेत्र का है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा की ओर से एक एम्बुलेंस में भारी मात्रा में गांजा लेकर तस्कर महासमुंद की तरफ आ रहे हैं। सूचना मिलते ही कोमाखान थाना पुलिस ने टेमरी जांच नाका पर घेराबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान महाराष्ट्र नंबर की संदिग्ध एम्बुलेंस को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें गांजा बरामद हुआ।






































