रायगढ़ : रायगढ़ जिले के छाल तहसील कार्यालय में पदस्थ एक बाबू को एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने 60 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी का नाम तुलाराम पटेल बताया जा रहा है, जो तहसील कार्यालय में लिपिक के पद पर कार्यरत था।
नाम सुधार के एवज में मांगी थी रिश्वत
जानकारी के अनुसार, पीड़ित भानुप्रताप पटेल की जमीन के राजस्व रिकॉर्ड में नाम संबंधी त्रुटि हो गई थी। इस गलती को सुधारने के लिए उसने छाल तहसील कार्यालय में आवेदन दिया था। आरोप है कि नाम सुधार का आदेश जारी कराने के बदले बाबू तुलाराम पटेल ने एक लाख रुपए की रिश्वत की मांग की थी।
शिकायत के बाद एसीबी ने बिछाया जाल
पीड़ित ने मामले की शिकायत एसीबी बिलासपुर से की। शिकायत की पुष्टि होने के बाद एसीबी टीम ने ट्रैप की योजना बनाई। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह पहली किश्त के रूप में 60 हजार रुपए की व्यवस्था कर चुका है। इसके बाद एसीबी ने पूरी कार्रवाई की रणनीति तैयार की।
रिश्वत लेते ही दबोचा गया आरोपी
गुरुवार को शिकायतकर्ता को रकम लेकर तहसील कार्यालय छाल भेजा गया। जैसे ही आरोपी बाबू ने 60 हजार रुपए की रिश्वत स्वीकार की, पहले से मौजूद एसीबी टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। टीम ने मौके से रिश्वत की पूरी रकम बरामद कर ली।
मूल पद सहायक शिक्षक, तहसील में था अटैच
बताया जा रहा है कि आरोपी तुलाराम पटेल का मूल पद सहायक शिक्षक का है, लेकिन वर्तमान में उसे तहसील कार्यालय छाल में बाबू के रूप में अटैच किया गया था। एसीबी ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।



































